हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला और चंडीगढ़ के बीच मंगलवार को सीधी हवाई सेवा फिर से शुरू हो गई, जिसमें इंडिगो ने कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरी। आज सेवा फिर से शुरू होने के पहले दिन उड़ान संख्या 6E 7722 दोपहर करीब 2:05 बजे गग्गल से रवाना हुई। इससे पहले पहाड़ी इलाकों में खराब मौसम की वजह से उड़ान सेवा बंद कर दी गई थी। घोषित शेड्यूल के अनुसार ये उड़ान हफ्ते में चार दिन सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को चलेगी।
ये धर्मशाला से दोपहर 1:10 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 2:15 बजे चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। वापसी की फ़्लाइट चंडीगढ़ से दोपहर 2:45 बजे निकलेगी और धर्मशाला दोपहर 3:50 बजे पहुंचेगी। धर्मशाला से चंडीगढ़ का शुरुआती हवाई किराया लगभग 3,200 रुपये है।
इसके अलावा गग्गल एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि गग्गल और जम्मू के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्तावित सेवा के लिए प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। कुछ महीनों में शुरू होने वाली इस प्रस्तावित सेवा से हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच यात्रा का तेज और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा, साथ ही क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
भविष्य की जरूरतों को पूरा करने और गग्गल एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए इसके विस्तार और अपग्रेडेशन की कोशिशें की जा रही हैं। अभी धर्मशाला की दिल्ली, शिमला और चंडीगढ़ के साथ सीधी हवाई कनेक्टिविटी है।