Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

दिल्ली की हवा फिर हुई खराब, AQI 299 पर पहुंचा, GRAP-1 लागू

राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह दिल्ली की हवा ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। सरकारी AQI डैशबोर्ड के अनुसार, सुबह 10:31 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 299 रहा। वहीं, निजी निगरानी प्लेटफॉर्म IQAir ने सुबह 9:30 बजे AQI 242 दर्ज किया। प्रदूषण बढ़ने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के पहले चरण को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।

दिल्ली के कई इलाकों में भी वायु गुणवत्ता खराब दर्ज की गई। पटपड़गंज में AQI 298, ITO में 280, डिफेंस कॉलोनी में 261, अक्षरधाम और आनंद विहार में 237-237, रोहिणी में 226, शाहदरा में 225 और देवली में 203 दर्ज किया गया।

दिल्ली-NCR में GRAP-1 लागू

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अनुसार, बुधवार दोपहर 2 बजे दिल्ली का दैनिक औसत AQI बढ़कर 244 हो गया था। इसके बाद CAQM की GRAP उप-समिति ने बैठक कर क्षेत्र में प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा की और पूरे दिल्ली-NCR में GRAP-1 लागू करने का निर्णय लिया।

आयोग के आदेश के मुताबिक, 20 अक्टूबर को दिल्ली का AQI 179 था, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। अगले दिन 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे यह बढ़कर 244 हो गया और हवा ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के पूर्वानुमान में भी आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता खराब रहने की आशंका जताई गई थी।

आयोग ने सभी संबंधित एजेंसियों को GRAP-1 के तहत निर्धारित उपायों को लागू करने, उनकी निगरानी करने और प्रदूषण को और बढ़ने से रोकने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से भी पहले चरण के नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

दशहरे के बाद बढ़ा प्रदूषण

बुधवार सुबह दिल्ली में इस मौसम का पहला ‘खराब’ वायु गुणवत्ता वाला दिन दर्ज किया गया। दशहरे के उत्सव के बाद शहर के कई हिस्सों में धुंध की मोटी परत दिखाई दी। बुधवार सुबह 10 बजे दिल्ली का AQI 238 दर्ज किया गया, जो मंगलवार दोपहर के 179 के मुकाबले 59 अंक अधिक था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को जहांगीरपुरी में AQI 309 और चांदनी चौक में 307 दर्ज किया गया। ये दोनों इलाके ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहे। वहीं, अलीपुर में 273, बवाना में 275, पटपड़गंज में 298, रोहिणी में 291 और वजीरपुर में 253 AQI दर्ज किया गया।

AQI की श्रेणियां क्या हैं?

CPCB के मानकों के अनुसार, AQI को छह श्रेणियों में बांटा गया है। शून्य से 50 तक AQI ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

लखनऊ में प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों पर छिड़का पानी

दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। लखनऊ नगर निगम ने शहर की प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव किया। CPCB के अनुसार, लखनऊ के लालबाग इलाके में AQI 223 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

दिल्ली-NCR में GRAP-1 लागू होने के बाद संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। अब प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की निगरानी और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि हवा की गुणवत्ता और खराब होने से रोकी जा सके।