Breaking News

पीएम मोदी ने 'मन की बात' में कारगिल दिवस पर शहीद वीर सैनिकों को किया याद     |   जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के बीच खोले गए सलाल बांध के सभी गेट     |   प्रह्लाद जोशी ने शिक्षा मंत्री का कार्यभार संभाला     |   पहले लोग मैनपुरी नाम से घबराते थे : CM योगी आदित्यनाथ     |   '2028 का चुनाव नहीं लड़ूंगा', सिद्धारमैया ने किया बड़ा ऐलान     |  

आगरा में CM योगी ने 342 करोड़ की 53 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को 342 करोड़ रुपये से अधिक की 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आगरा को स्मार्ट, सेफ और फ्यूचर रेडी सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा में किसी आक्रमणकारी के नाम पर नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनायकों के नाम पर म्यूजियम बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर बन रहे भव्य म्यूजियम का निर्माण कार्य इस साल के अंत तक पूरा हो जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि टीटीजेड से जुड़ी बाधाएं दूर होने के बाद आगरा में विकास और औद्योगिक गतिविधियों को और तेजी मिलेगी। उन्होंने बताया कि 468 औद्योगिक इकाइयों से जुड़े एनओसी के मामलों को मंजूरी मिल गई है। अब आगरा में उद्योग लगाने का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही शहर में मल्टीलेवल पार्किंग, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और आधुनिक ट्रैफिक व्यवस्था जैसे काम भी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रेटर आगरा परियोजना के तहत करीब 5,200 करोड़ रुपये की लागत से 10 नई टाउनशिप विकसित करने को मंजूरी दी गई है। वहीं, आगरा-ग्वालियर रोड पर 1,500 करोड़ रुपये की लागत से अटलपुरम टाउनशिप विकसित की जा रही है। यहां करीब 10 हजार परिवारों के लिए आवास और व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सीएम योगी ने कहा कि आगरा की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को भी संरक्षित किया जा रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज के आगरा प्रवास से जुड़ी ऐतिहासिक कोठी के अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा बटेश्वर धाम, कैलाश मंदिर, गुरु का ताल, फतेहपुर सीकरी और सौरीपुर जैन तीर्थ जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास पर भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने आगरा में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में 500 महिलाओं के लिए श्रमजीवी हॉस्टल बनाने की भी घोषणा की। इसके लिए राज्य सरकार ने बजट जारी कर दिया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और माफिया का प्रभाव था। आज उत्तर प्रदेश दंगा, कर्फ्यू और माफियाराज से मुक्त होकर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में करीब 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि अब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी है और प्रदेश के युवाओं को समान अवसर मिल रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, टैबलेट, टूल किट, आयुष्मान कार्ड और आवास की चाबियां भी वितरित कीं।