उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज, 26 जून 2026 को देवरिया जिले के बरहज एवं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में ₹456.38 करोड़ की लागत वाली 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। इस भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र और टूलकिट भी वितरित किए। इस दौरान यूपी में माफियाराज और दंगों के दौर की समाप्ति का दावा करते हुए, सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने अपराधियों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' नीति को दोहराया है।
त्योहारों (जैसे मुहर्रम) के दौरान गुंडागर्दी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए, मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब उपद्रव की हिम्मत किसी में नहीं है। पूर्व की सरकारों पर प्रदेश को दंगा-ग्रस्त बनाने का आरोप लगाते हुए, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने वर्तमान में सुरक्षा और विकास का बेहतर माहौल होने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने आज देवरिया के मंच से अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा (चंदा चोरी) विवाद और SIT (विशेष जांच दल) की कार्रवाई पर बेहद कड़ा और बड़ा बयान भी दिया है। सीएम योगी ने कहा, "अयोध्या के मामले में हमने जो SIT गठित की थी, उसकी रिपोर्ट आते ही तुरंत कार्रवाई शुरू हो गई है।" उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि जांच निष्पक्ष होगी और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक आस्था और पैसे का दुरुपयोग बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग आज आक्षेप लगा रहे हैं या विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी मंशा कभी अच्छी नहीं रही। उन्होंने याद दिलाया कि "ये वही लोग हैं जिन्होंने कभी भगवान राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था और कहा था कि राम हुए ही नहीं।" उन्होंने चेतावनी दी कि अयोध्या भारत और सनातन धर्म की आस्था का प्रतीक है। जन आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालो को 'जीरो टॉलरेंस नीति' के तहत इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा और किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज देवरिया के मंच से आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर बेहद तीखा और सीधा हमला बोला है। दरअसल, अरविंद केजरीवाल द्वारा अयोध्या के SIT मामले पर दिए गए बयान के बाद योगी आदित्यनाथ ने देवरिया की जनसभा से उन्हें घेरा। सीएम योगी ने बिना नाम लिए सीधा प्रहार करते हुए कहा, "दिल्ली से एक सज्जन आज वहां (अयोध्या) आए हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि दिल्ली की जनता ने उन्हें कई वर्षों तक अवसर दिया, लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार के अलावा दिल्ली को कुछ नहीं दिया"। उन्होंने कहा कि दिल्ली में उनके कारनामे और काली करतूतें सभी को अच्छी तरह पता हैं और उन्होंने दिल्ली को सिर्फ बर्बाद करने का काम किया है।