Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

सीएम योगी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर दी बधाई, बोले- राष्ट्रीय एकात्मता बनाए रखना हर भारतीय का कर्तव्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर आधुनिक भारत के शिल्पकार और लौह पुरुष सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस राष्ट्रीय एकात्मता के लिए सरदार पटेल ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया, उसे अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का पावन कर्तव्य है।

सरदार पटेल का जीवन देता है 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की प्रेरणा

सीएम योगी ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल का जीवन इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता है। एकता का सामर्थ्य 'राष्ट्र प्रथम' की भावना में निहित है। मां भारती की सेवा के लिए समर्पित उनका जीवन सभी को 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा देता है।

2017 से पहले तुष्टीकरण और जातिवाद ने समाज को बांटा

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में वर्ष 2017 से पहले की उत्तर प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का काम किया। इससे राष्ट्रीय एकात्मता की भावना कमजोर हुई और सामाजिक समरसता को भी आघात पहुंचा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला है। सरकार ने 'राष्ट्र प्रथम' और 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र को सुशासन का आधार बनाकर सामाजिक समरसता को मजबूत किया है। साथ ही सरदार पटेल की अमूल्य विरासत को 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प से जोड़ा है।

'रन फॉर यूनिटी' में भाग लेने की अपील

सीएम योगी ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस एकता दौड़ में शामिल होने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एकता दौड़ में उठने वाला हर कदम 'राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम' के संकल्प का प्रतीक बनना चाहिए।