Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 'योगी की पाती' पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने इस पहल के 50 सप्ताह से अधिक के सफर पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। इस पहल के जरिए मुख्यमंत्री हर सप्ताह पत्र लिखकर प्रदेश की 25 करोड़ जनता से सीधे जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये पत्र जनता के सुख-दुख, उम्मीदों, उपलब्धियों और आकांक्षाओं से जुड़ने का एक आत्मीय माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि 'योगी की पाती' का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पहुंचना, उन मुद्दों को सामने लाना जिन पर पहले ध्यान नहीं दिया गया और विकसित व सांस्कृतिक रूप से समृद्ध उत्तर प्रदेश का विजन लोगों के साथ साझा करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने की कोशिश की गई है। इसमें युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को भी जगह दी गई है।
उन्होंने कहा कि 'योगी की पाती' केवल कोई सरकारी आदेश नहीं, बल्कि आम लोगों के साथ आत्मीय संवाद है। इसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग की समस्याओं और उनकी जरूरतों को समझना और उनके सम्मान व अधिकारों से जुड़े विषयों को सामने लाना है।
कॉफी टेबल बुक में मुख्यमंत्री की ओर से इस पहल के तहत लिखे गए साप्ताहिक पत्रों की यात्रा को शामिल किया गया है। वहीं, प्रदर्शनी में इस संवाद अभियान के अलग-अलग पहलुओं और अब तक के सफर को प्रदर्शित किया गया है।
साढ़े नौ साल में 9.5 लाख से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा था कि 2017 से पहले प्रदेश में युवाओं को समय पर पढ़ाई, परीक्षा और नौकरी नहीं मिल पाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती निकलते ही 'चाचा-भतीजे की जोड़ी' वसूली के लिए निकल पड़ती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। सरकार का लक्ष्य आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग में 3,568, पंचायती राज विभाग में 1,375, कुशल खिलाड़ियों में 470, फॉरेंसिक साइंस में 28, पुलिस विभाग में 4,543 और राजस्व विभाग में 1,146 नियुक्तियां की गई हैं।
इसके अलावा 8,000 लेखपालों, 32,000 पुलिसकर्मियों और 42,000 होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, अगले 10 दिनों में 42,000 होमगार्ड को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग और विभिन्न आयोगों के माध्यम से भी बड़े स्तर पर भर्तियां की जाएंगी।