दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को बुराड़ी में आयोजित विद्यापति स्मृति पर्व समारोह-2026 में शामिल हुईं। विश्व मैथिल संघ, दिल्ली की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति को श्रद्धांजलि दी और मैथिली भाषा, साहित्य तथा मिथिला की सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना की।
समारोह में मुख्यमंत्री का पारंपरिक मैथिली पाग पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान मिथिला की लोककला, कवि सम्मेलन, मैथिली गीत-संगीत और लोकनृत्य के जरिए क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर विधायक अभय वर्मा, मैथिली-भोजपुरी अकादमी के उपाध्यक्ष बिपिन बिहारी समेत कई गणमान्य लोग और मैथिल समाज के सदस्य मौजूद रहे।
महाकवि विद्यापति की रचनाएं भारतीय साहित्य की अमूल्य धरोहर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महाकवि विद्यापति का साहित्य और उनका व्यक्तित्व मिथिला की गौरवशाली पहचान है। उनकी रचनाओं में प्रेम, भक्ति, आध्यात्मिकता और मानवीय भावनाओं का सुंदर संगम मिलता है। 'मैथिल कोकिल' के नाम से प्रसिद्ध विद्यापति ने मैथिली भाषा को साहित्यिक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि महाकवि की रचनाएं आज भी लोगों को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान बनाए रखने की प्रेरणा देती हैं। उनकी साहित्यिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मैथिली परंपराएं मिथिला की सांस्कृतिक पहचान

सीएम रेखा गुप्ता ने मिथिला की लोक परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा कि मधुबनी चित्रकला, अरिपन, लोकगीत, विवाह गीत, सोहर, सामा-चकेवा, मधुश्रावणी और छठ जैसे पर्व इस क्षेत्र की विशिष्ट पहचान हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परंपराओं को सुरक्षित रखना केवल मैथिल समाज का काम नहीं है, बल्कि भारत की विविध भाषाओं और संस्कृतियों को संरक्षित करने का सामूहिक प्रयास है।
दिल्ली को समृद्ध बना रहा मैथिल समाज
मुख्यमंत्री ने राजधानी में मैथिल समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस समुदाय के लोग शिक्षा, प्रशासन, साहित्य, पत्रकारिता, व्यापार, कला और सामाजिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रोजगार और शिक्षा के अवसरों के लिए दिल्ली आए मैथिल परिवारों ने राजधानी को अपनी कर्मभूमि बनाया है। अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए उन्होंने दिल्ली की भाषाई विविधता और सामाजिक एकता को मजबूत किया है।
नई पीढ़ी तक पहुंचे विद्यापति की साहित्यिक विरासत
मुख्यमंत्री ने विद्यापति स्मृति पर्व के आयोजन के लिए विश्व मैथिल संघ, दिल्ली को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम महाकवि विद्यापति को सम्मान देने के साथ-साथ मैथिली भाषा, साहित्य, संगीत और लोककला को नई पीढ़ी से जोड़ने का काम करते हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देने और समाज को अपनी परंपराओं से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।