Breaking News

कोलकाता समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश, 19 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी     |   न्यूजीलैंड में 6.3 तीव्रता का तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी     |   रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन, कई राज्यों में छापेमारी     |   दिल्ली: रेखा गुप्ता कैबिनेट ने ₹400 करोड़ से अधिक की 'स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन नीति' को दी मंजूरी     |   तृणमूल कांग्रेस की सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया     |  

हरेला पर CM धामी का संदेश, बोले- सत्ता नहीं, सेवा हमारी प्राथमिकता

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को 'सेवा, सुशासन और समर्पण' अभियान के तहत आयोजित 'सरकार हर द्वार' जनसंपर्क कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने हरेला पर्व के अवसर पर गरुड़बाज मैदान में पौधारोपण किया और लोगों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता को विशेषाधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी माना है। उन्होंने कहा कि राजनीति को सेवा और जनकल्याण का माध्यम बनाया गया है।

सीएम धामी ने कहा, "हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसलिए सरकार लोगों के घर-घर तक पहुंच रही है। हम सरलीकरण, समाधान, संकल्प और संतुष्टि के मंत्र पर काम कर रहे हैं।" मुख्यमंत्री ने हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्तराखंड की प्राचीन परंपरा और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से पेड़ लगाने, जल स्रोतों को बचाने और पर्यावरण की रक्षा करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, "हमारे पूर्वजों ने हरेला को प्रकृति के सम्मान और संरक्षण के पर्व के रूप में मनाया है। हमें उनकी इस परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए।" सीएम धामी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दौर में प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रकृति की रक्षा करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण बनाने में योगदान देने की अपील की।