Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

Ajit Pawar Death: सीआईडी ने शुरू की बारामती में विमान दुर्घटना की जांच, छेड़छाड़ की आशंका

Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने बारामती में हुए विमान हादसे की जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस हादसे में महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य पुलिस ने 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में हुई दुर्घटना के बाद दर्ज आकस्मिक मौत के मामले में सीआईडी जांच के संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

उन्होंने बताया, ‘‘पुणे ग्रामीण पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है और इसे सीआईडी को स्थानांतरित कर दिया गया है।’’

एक निजी विमान में सवार पवार (66) और चार अन्य लोगों की बुधवार सुबह बारामती में हवाई पट्टी के नजदीक हुए हादसे में मौत हो गई थी। इस घटना में मारे गए अन्य लोगों में कैप्टन सुमित कपूर शामिल थे, जिन्हें 15,000 घंटे का उड़ान अनुभव था और सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक को 1,500 घंटे का उड़ान अनुभव था।

विमान में सवार लोगों में पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली भी शामिल थीं। अधिकारी ने बताया कि सीआईडी कर्मियों की एक टीम ने अपना काम शुरू कर दिया है और वे पुणे ग्रामीण पुलिस से संबंधित दस्तावेज एकत्र करेंगे। उन्होंने बताया कि टीम बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनास्थल का भी दौरा करेगी।

उन्होंने कहा कि पवार के मुंबई से बारामती की यात्रा शुरू करने से पहले विमान में किसी भी तरह की छेड़छाड़ की आशंका के मद्देनजर भी जांच की जा रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने भी दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।