उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 में बिजनौर की दस्तकारी और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के सामने पेश किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में होने वाले इस आयोजन के लिए जिले की 10 प्रमुख औद्योगिक इकाइयों, निर्यातकों और हस्तशिल्पियों का चयन किया गया है। इनमें नगीना की काष्ठ नक्काशी, स्टोन क्राफ्ट, टेक्सटाइल, हर्बल टी, चुकंदर का गुड़, पारंपरिक मिठाइयां और हेयर विग जैसे उत्पाद शामिल हैं।
नगीना की काष्ठ नक्काशी का दिखेगा हुनर
बिजनौर का नगीना अपनी बारीक काष्ठ नक्काशी और शीशम की लकड़ी से बने हस्तशिल्प के लिए जाना जाता है। ट्रेड शो में वुडन हैंडीक्राफ्ट क्षेत्र से तीन इकाइयां हिस्सा लेंगी। रोहित कुमार की ‘आरके हैंडीक्राफ्ट’, विक्रम सिंह चौहान की ‘श्री जी क्राफ्ट’ और तारिक अब्दुल्ला की ‘हैंडओवर इंटरनेशनल’ नक्काशीदार लकड़ी के उत्पाद प्रदर्शित करेंगी।
स्टोन क्राफ्ट और टेक्सटाइल उत्पाद भी होंगे प्रदर्शित
बिजनौर के स्टोन हैंडीक्राफ्ट सेक्टर से अंकिता राजपूत की ‘मलिहार’ और शमीम अख्तर की ‘नगीना क्राफ्ट डेवलपमेंट सोसाइटी’ अपने हस्तनिर्मित उत्पाद पेश करेंगी। वहीं, मो. फैज की ‘ए टू एफ टेक्सटाइल’ इकाई उच्च गुणवत्ता वाले टेक्सटाइल और हैंडलूम फैब्रिक्स प्रदर्शित करेगी। आधुनिक लाइफस्टाइल बाजार को ध्यान में रखते हुए सलीम अहमद की ‘हेयर फैशन इंडिया’ प्रीमियम हेयर विग की रेंज भी पेश करेगी।
विदुर हर्बल टी और चुकंदर के गुड़ पर भी नजर
खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में भी बिजनौर की कई इकाइयां अपने उत्पाद लेकर ट्रेड शो में पहुंचेंगी। वासुदेव सिंह की ‘वीएस ग्रुप’ की ओर से ‘विदुर हर्बल टी’ प्रदर्शित की जाएगी। वहीं, विजेन्द्र कुमार की ‘क्रिएटिव फार्मिंग प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ व्हाइट बीटरूट जैगरी यानी चुकंदर से बने गुड़ और साइलेज का प्रदर्शन करेगी। नवनीत कुमार की ‘चतुर्वेदी फूड प्राइवेट लिमिटेड’ बतीसा, सोहनपापड़ी और खस्ता गजक जैसे पारंपरिक उत्पाद पेश करेगी।
विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने का मौका
UPITS-2026 के जरिए बिजनौर के छोटे उद्यमियों और कारीगरों को संस्थागत निवेशकों, कॉर्पोरेट खरीदारों और विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के साथ सीधे B2B संवाद का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिल सकते हैं और ग्रामीण स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, बिजनौर के उपायुक्त उद्योग अमित कुमार ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जिले के पारंपरिक दस्तकारों, आधुनिक उद्यमियों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए वैश्विक बाजार से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य चयनित इकाइयों को बड़े निर्यातकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़कर व्यापारिक समझौते कराने का है।