बेंगलुरु के ब्रुकफील्ड स्थित एक डेकेयर सेंटर में बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में गिरफ्तार आरोपी विजयलक्ष्मी को शुक्रवार को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त ने पुष्टि की थी कि डेकेयर सेंटर में एक शिशु के साथ कथित प्रताड़ना के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच के दौरान महिला की पहचान हुई, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।
वीडियो सामने आने के बाद खुला मामला
यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर कथित तौर पर डेकेयर सेंटर के अंदर बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के वीडियो वायरल हुए। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, डेकेयर सेंटर में नैनी के रूप में काम करने वाली पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान मंजुला, विजयलक्ष्मी, भवानी, सिंधु और बिंदु के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि वायरल वीडियो में छोटे बच्चों के साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दिखाई दे रही है। आरोप है कि बच्चों को:
- वॉशिंग मशीन के अंदर रखा गया,
- टॉयलेट के जेट स्प्रे से पानी डाला गया,
- टॉयलेट में बंद किया गया,
- और उन्हें डराकर चुप रहने के लिए मजबूर किया गया।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
कर्नाटक सरकार ने जताई सख्त नाराजगी
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने घटना को "पूरी तरह अस्वीकार्य" बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले की रिपोर्ट तलब की है और डेकेयर सेंटर प्रबंधन से भी लिखित जवाब मांगा गया है। खड़गे ने कहा, "माता-पिता अपने छोटे बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी डेकेयर सेंटर को सौंपते हैं। ऐसे संस्थानों को तय मानकों और दिशानिर्देशों के अनुसार चलाया जाना चाहिए, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ।"
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं केवल संबंधित संस्था की छवि ही नहीं, बल्कि 'ब्रांड बेंगलुरु' की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाती हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। HAL पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।