Chandigarh: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का बड़ा ऐलान किया है। भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष ने पार्टी के इस फैसले की जानकारी दी। बीएल संतोष इन दिनों पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर हैं। सोमवार से शुरू हुए इस दौरे का उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करना और जमीनी स्तर पर तैयारियों को मजबूत करना है। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, बीएल संतोष ने कहा कि पंजाब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है और भाजपा इस बदलाव को हकीकत में बदलने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल कर राज्य में अपनी सरकार बनाएगी। हाल ही में भाजपा ने पंजाब के लिए सतीश पूनिया को नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। इसके बाद पार्टी ने अब सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर अपनी चुनावी रणनीति को और स्पष्ट कर दिया है।
पंजाब में पिछले कुछ समय से भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल के हालिया बयानों के बाद इन चर्चाओं को और बल मिला था। वहीं, अगस्त की शुरुआत में अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इसके बाद दोनों दलों के बीच संभावित गठबंधन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि, अब भाजपा के सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान से गठबंधन की अटकलों को फिलहाल झटका लगा है।