Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

J-K: ‘एआई समिट’ में कांग्रेस विरोध को लेकर बीजेपी युवा मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी से माफी की मांग

Jammu Kashmir: जम्मू में बीजेपी युवा मोर्चा के सदस्यों ने शनिवार को एक दिन पहले नई दिल्ली में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में कांग्रेस की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं द्वारा ‘‘कमीज उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन’’ के खिलाफ प्रदर्शन किया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष अरुण प्रभात के नेतृत्व में कई प्रदर्शनकारी काची छावनी चौक पर इकट्ठा हुए और उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला जलाया और देश की ‘‘गरिमा और प्रतिष्ठा’’ को कथित रूप से ठेस पहुंचाने के लिए उनसे माफी मांगने की मांग की। शुक्रवार को भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के प्रदर्शनी हॉल में नाटकीय ढंग से ‘कमीज उतारकर विरोध प्रदर्शन’ किया।

उन्होंने सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे छपी टी-शर्टें पकड़ी हुई थीं, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया। इस घटना के बाद युवा कांग्रेस के चार नेताओं को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया।

प्रभात ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्व भर के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति वाले ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ को बाधित करने का प्रयास किया, जिससे देश के 140 करोड़ लोगों के ‘‘सम्मान, गरिमा और प्रतिष्ठा’’ को ठेस पहुंची।

उन्होंने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बार-बार देश का अपमान करने का आरोप लगाया और दावा किया कि कांग्रेस नेता ने पाकिस्तान और चीन के प्रति सहानुभूति दिखाई। प्रभात ने कहा, ‘‘ऐसे कृत्य अस्वीकार्य हैं। राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।’’

बीजेपी के विरोध प्रदर्शन के कारण मुख्य सड़क पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया।