Breaking News

देवास TI दिलीप पुरी को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर का हुआ शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली     |   राहुल गांधी आज संगरूर से पंजाब में चुनावी कैंपेन का करेंगे आगाज     |   गुरुग्राम में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक, बढ़ते प्रदूषण के बीच प्रशासन का आदेश     |   नितिन नवीन आज गोरखपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च की अगुवाई करेंगे     |   रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, श्रीगंगानगर में ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम     |  

सीएम हिमंता ने परिवार के साथ कामाख्या देवी मंदिर में की पूजा, सभी के सुख-शांति की कामना की

Assam: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को गुवाहाटी में नीलाचल पर्वत स्थित शक्तिपीठ कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन पूजन किया। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा वार्षिक अंबुबाची मेले के समापन के बाद पत्नी और दो बच्चों के साथ मंदिर पहुंचे और सभी के सुख-शांति की कामना की। उन्होंने मंदिर में दर्शन करने के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “जय मां कामाख्या। मां का आशीर्वाद सभी परिवारों पर सदा बना रहे।”

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “अंबुबाची निवृत्ति के बाद मां कामाख्या के दर्शन करके हमने स्वयं को धन्य महसूस किया। पत्नी, पुत्र और पुत्री के साथ मिलकर मां से सभी पर कृपा बनाये रखने की प्रार्थना की।” इस दौरान मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने सौभाग्य कुंड में जल अर्पण किया और मंदिर की परिक्रमा पूरी की। चार दिवसीय अंबुबाची मेला गुरुवार को मंदिर के कपाट खुलने के साथ समाप्त हुआ। 

चार दिवसीय अंबुबाची मेला हर साल जून में आयोजित किया जाता है। मान्यता है कि इस अवधि में देवी कामाख्या रजस्वला होती हैं, इसलिए मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। ये मेला राज्य का एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन आयोजन है, जिसमें इस वर्ष अनुमानित रूप से 10 लाख से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक शामिल हुए।