Tamil Nadu: तमिलनाडु राज्य चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के बाद शुक्रवार को मतादाओं की एक मसौदा सूची जारी की। इसमें 5.44 करोड़ मतदाताओं के नाम हैं और 97 लाख से ज्यादा नाम हटा दिए गए हैं।
एसआईआर से पहले तमिलनाडु में कुल 6,41,14,587 मतदाता थे। आज जारी की गई मसौदा मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 5,43,76,755 है। इनमें से 2,66,63,233 महिला और 2,77,06,332 पुरुष और 7,191 थर्ड-जेंडर मतदाता हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 4,19,354 है।
हटाए गए मृत मतदाता की संख्या 26,94,672 है, जबकि जगह बदलने के कारण 66,44,881 नाम हटाए गए और 3,39,278 मतदाता को कई जगहों पर पंजीकृत होने के कारण हटा दिया गया। कुल मिलाकर एसआईआर के दौरान 97,37,831 मतदाताओं को हटा दिया गया है।
इस प्रक्रिया के तहत पुनरीक्षण का काम 14 दिसंबर को पूरा हो गया था, जिसके बाद आज मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। जिला चुनाव अधिकारियों ने मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी है और मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों को इसकी कॉपी दे दी हैं।
गिनती के दौरान, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ मिलकर घरों का कम से कम तीन बार दौरा किया और विस्तार से पूछताछ की। इस सत्यापन के आधार पर, जिन मतदाताओं की पहचान मृत, पलायन कर चुके या दूसरी जगह चले गए, अनुपस्थित मतदाता और कई जगहों पर पंजीकृत लोगों के तौर पर हुई, उनके नाम मसौदा मतदाता सूची से हटा दिए गए।
जो मतदाता अपना नाम मसौदा सूची में नहीं पाते हैं, वे नाम शामिल करने के लिए फॉर्म छह, आपत्ति या नाम हटाने के लिए फॉर्म सात और अपनी जानकारी में सुधार या पता बदलने के लिए फॉर्म आठ का इस्तेमाल करके आवेदन कर सकते हैं। ये फॉर्म बीएलओ, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) या ऑनलाइन पोर्टल के जरिए जमा किए जा सकते हैं।