Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

IPL 2026: लगातार चौथी हार के बाद फूटा हार्दिक पंड्या का गुस्सा, कहा- हमें कुछ कड़े फैसले लेने होंगे

IPL 2026: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने इंडियन प्रीमियर लीग में लगातार चौथी हार के बाद कहा कि अब कुछ कड़े फैसले लेने का समय आ गया है और उनके खिलाड़ियों को टीम के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेनी होगी। मुंबई इंडियंस को अपने पिछले मैच में पंजाब किंग्स से सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा और वह केवल दो अंकों के साथ तालिका में नौवें स्थान पर है।

पंड्या ने मैच के बाद कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो मेरे पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। हमें बैठकर विचार करने की जरूरत है कि हम कहां पिछड़ रहे हैं। चाहे वह व्यक्तिगत खिलाड़ी हों, टीम हो, या हमारी रणनीति और काम करने का तरीका हो। इसे फिर से ठीक करना होगा।’’

इस तरह से पंड्या ने अप्रत्यक्ष रूप से सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन की तरफ इशारा किया। उन्होंने कहा, ‘‘अब हमें यह देखना होगा कि क्या हमें कुछ कड़े फैसले लेने की जरूरत है या फिर हमें इसी तरह आगे बढ़ते हुए हालात को पलटने की कोशिश करनी चाहिए। हमें अपनी जिम्मेदारी खुद लेनी होगी।’’

सूर्यकुमार ने अब तक एक अर्धशतक बनाया है, जबकि तिलक वर्मा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। उन्होंने 20, 00, 14, 01 और 08 रन बनाए हैं। बुमराह पांच मैच में अभी तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं और उन्होंने प्रति ओवर 8.63 रन लुटाए हैं।

पंड्या ने हालांकि पंजाब किंग्स को जीत का श्रेय देते हुए कहा, ‘‘पंजाब किंग्स को इसका श्रेय जाता है। गेंद रिवर्स स्विंग करने लगी थी। दूसरी पारी में ओस भी गिरी। उन्होंने हमें हरा दिया। उनकी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण हम से बेहतर था।’’