इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने फीफा वर्ल्ड कप में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। डीआर कांगो के खिलाफ राउंड ऑफ 32 मुकाबले में दो शानदार गोल कर उन्होंने इंग्लैंड को 2-1 से जीत दिलाई और टीम को प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया। इस मैच में हैरी केन ने 75वें और 86वें मिनट में गोल किए। इससे पहले डीआर कांगो के लिए ब्रायन सिपेंका ने सातवें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई थी।
इस जीत के साथ हैरी केन ने फीफा वर्ल्ड कप और यूरो चैंपियनशिप को मिलाकर 20 गोल पूरे कर लिए हैं। उनके नाम वर्ल्ड कप में 13 और यूरो में 7 गोल हैं। इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले वह सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं। उनसे आगे केवल क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं, जिन्होंने दोनों टूर्नामेंटों में कुल 24 गोल किए हैं। केन ने इस मैच में अपना 13वां वर्ल्ड कप गोल भी किया और ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले के 12 वर्ल्ड कप गोलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
इसके अलावा, नॉकआउट मुकाबलों में इंग्लैंड के लिए उनके अब 5 वर्ल्ड कप गोल हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने जियोफ हर्स्ट को पीछे छोड़ दिया है। इंग्लैंड के लिए नॉकआउट चरण में सबसे ज्यादा 6 गोल करने का रिकॉर्ड अभी भी गैरी लाइनकर के नाम है, हालांकि कुल वर्ल्ड कप गोलों के मामले में केन (13) लाइनकर (10) से आगे निकल चुके हैं। अब इंग्लैंड का सामना 6 जुलाई को मेक्सिको से होगा। यह मुकाबला मेक्सिको के ऐतिहासिक एज़्टेका स्टेडियम में भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे खेला जाएगा।