Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

T20 WC 2026: इस पारी से क्रिकेट में बन जाएगा करियर, शतक जड़ने के बाद युवराज सामरा ने जताई उम्मीद

T20 WC 2026: कनाडा क्रिकेट टीम के बल्लेबाज युवराज सामरा ने क्रिकेट वैसे तो अपने जुनून को लेकर खेलना शुरू किया था लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच में 65 गेंद में 110 रन बनाने के बाद कनाडा के ब्राम्पटन के 19 वर्षीय इस युवा को उम्मीद है कि अब वह इसमें कैरियर बना सकता है। क्रिकेट के शौकीन पिता बलजीत सामरा ने उनका नाम धाकड़ भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह के नाम पर रखा था।

कनाडा के भारतीय मूल के 19 साल के बल्लेबाज सामरा ने टी20 विश्व कप इतिहास में शतक जमाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। सामरा ने न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद मीडिया से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इस पारी से मेरा जीवन बदल सकता है। मैं खेल में कैरियर बना सकता हूं। मेरे लिये यह सपना सच होने जैसा होगा।’’

सामरा ने मंगलवार को यहां ग्रुप डी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 65 गेंदों में करियर की सर्वश्रेष्ठ 110 रन की पारी खेली। सामरा ने अपनी तूफानी पारी के दौरान 11 चौके और छह छक्के जड़े, जिसकी बदौलत कनाडा ने ऊंची रैंकिंग वाली प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ 173 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। वह अंतिम ओवर में जैकब डफी पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए। सामरा ने कहा, ‘‘मैं हमेशा से इस पल, इस दिन और रात के बारे में सोचता था। मैं विश्व कप में नाम कमाना और खेल में कैरियर बनाना चाहता था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कनाडा में यह आसान नहीं है क्योंकि खेलने के लिये तीन महीने ही मिलते हैं। बाकी समय माइनस 25 या 30 तापमान रहता है। हमने श्रीलंका में अभ्यास किया।’’

सामरा के पिता बलजीत हमेशा उनके लिए प्रोत्साहन का निरंतर स्रोत रहे। पिछले साल मार्च में पदार्पण करने वाले सामरा ने अपने 19वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की। उनकी यह पारी टी20 विश्व कप में किसी एसोसिएट टीम के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है।

इससे पहले टी20 विश्व कप में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के अहमद शहजाद के नाम था, जिन्होंने 2014 में 22 वर्ष की आयु में यह उपलब्धि हासिल की थी।