Breaking News

ईरान के पास न्यूक्लियर हथियार नहीं हो सकते, उन्हें यह बता दिया गया है: US राष्ट्रपति ट्रंप     |   मशहूर फिल्ममेकर एम एम बेग अपने घर पर मृत पाए गए     |   हमें ईरान के साथ एक सार्थक डील करनी होगी: ट्रंप     |   छत्तीसगढ़: रमजान में मुस्लिम कर्मचारियों को ऑफिस से 1 घंटा पहले छुट्टी मिलेगी     |   चिली की राजधानी सैंटियागो में धमाका, कम से कम तीन लोगों की मौत, दस घायल     |  

अपने निराशाजनक अभियान का सकारात्मक अंत करना चाहेगा ऑस्ट्रेलिया, शुक्रवार को ओमान से होगी भिड़ंत

T20 World Cup 2026: अपने ग्रुप के दो महत्वपूर्ण मैच में हार से निराश ऑस्ट्रेलिया शुक्रवार को यहां ओमान की कमजोर टीम के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करके टी20 विश्व कप में अपनी निराशाजनक अभियान का सकारात्मक अंत करने की कोशिश करेगा।

सीमित ओवरों के क्रिकेट में छह वनडे और एक टी20 अंतरराष्ट्रीय विश्व कप खिताब जीतने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम मंगलवार को कैंडी में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद अगले दौर में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो गई। इस मैच के रद्द हो जाने से जिम्बाब्वे को एक महत्वपूर्ण अंक मिला जिससे उसने श्रीलंका के साथ ग्रुप बी से सुपर आठ में प्रवेश कर लिया।

कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल होने से अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ बल्लेबाजी में कुछ दम दिखाया लेकिन उसके गेंदबाज फिर से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। उसे इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ उलटफेर का शिकार होना पड़ा था। यही कारण है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टीम के स्वदेश लौटने पर उसके प्रदर्शन की गहन समीक्षा करने का फैसला किया है।

ऑस्ट्रेलिया के इस निराशाजनक प्रदर्शन में कुछ खिलाड़ियों के चोटिल होने के अलावा उसके खराब खेल और चयन को लेकर कुछ फैसलों का भी योगदान रहा। यह 2009 के बाद पहला अवसर है जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई। पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड और मिशेल स्टार्क की स्टार तेज गेंदबाजी तिकड़ी की अनुपस्थिति के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट में खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में प्रवेश किया था, लेकिन जिम्बाब्वे से हार के बाद चीजें तेजी से बिगड़ती चली गईं।

ऑस्ट्रेलिया की टीम अब स्वदेश लौटने से पहले जीत दर्ज करना चाहेगी और इसके बाद 2028 में अपने घरेलू मैदान पर होने वाले टी20 विश्व कप के लिए आगे की रणनीति तैयार करेगी विशेषकर तब जबकि उसके कई प्रमुख खिलाड़ी 30 वर्ष से अधिक उम्र के हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम अपने निराशाजनक अभियान के बावजूद इस मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक खेले गए तीन मैचों में से केवल एक ही मैच जीता है। उसने आयरलैंड को 67 रन से हराया था।

ऑस्ट्रेलिया ने अमेरिका में 2024 में खेले गए विश्व कप में ओमान को 39 रन से हराया था। दोनों देशों की वर्तमान टीम में शामिल कई खिलाड़ी उसे मैच का हिस्सा थे। ऑस्ट्रेलिया 2023 में वनडे विश्व कप में खिताब जीतने के बाद से आईसीसी टूर्नामेंटों में उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए संघर्ष कर रहा है। पिछले टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में भारत और अफगानिस्तान से हार के बाद वह टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। उसकी टीम पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल से भी आगे नहीं बढ़ पाई थी।

ओमान को भी इस टूर्नामेंट में काफी संघर्ष करना पड़ा है और उसने अपने तीनों ग्रुप मैच बड़े अंतर से गंवाए हैं। जातिंदर सिंह और सुफयान महमूद जैसे खिलाड़ी टूर्नामेंट से विदाई लेने से पहले अपनी छाप छोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

टीम इस प्रकार हैं 

ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शियस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा, स्टीव स्मिथ।

ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेट कीपर), सुफियान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल, शकील अहमद, मोहम्मद नदीम, जय ओडेदरा, आशीष ओडेदरा, शफीक जान। मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।