मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 12 से 16 नवंबर तक आयोजित 70वीं स्कूल नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लखनऊ स्थित गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक हासिल किए। इसके साथ ही खिलाड़ियों ने दो नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाए। उनकी उपलब्धियों के दम पर उत्तर प्रदेश की टीम ने 61 अंक जुटाकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
अंडर-17 बालक वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज के नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अरमान खान ने लंबी कूद में 7.18 मीटर का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं, समीर खान ने 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल कर दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
4×100 मीटर रिले स्पर्धा में शौर्यवीर सिंह, कृष्णम तोमर, गौरव यादव और मयंक बहादुर की टीम ने शानदार तालमेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।
इसी तरह 4×400 मीटर रिले में शौर्यवीर सिंह, समीर खान, अनुज अनस और मयंक बहादुर की टीम ने भी पहला स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में टीम ने स्वर्ण पदक के साथ एक और राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर स्पोर्ट्स कॉलेज के 17 खिलाड़ियों को स्कूल नेशनल चैंपियनशिप के लिए चुना गया था। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता से कॉलेज में खुशी का माहौल है।
प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की मेहनत को सराहा
गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें और प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्कूल गेम्स ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 70वीं स्कूल नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अंडर-17 बालक वर्ग के नौ खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि पांच स्वर्ण पदक जीतने, दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने और 61 अंकों के साथ उत्तर प्रदेश की टीम के चैंपियन बनने की उपलब्धि पूरे प्रदेश और कॉलेज के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ एथलेटिक्स प्रशिक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह तथा विमल प्रताप राय के मार्गदर्शन को दिया।