Breaking News

राज्यसभा में खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 पारित हुआ     |   संसद के मॉनसून सत्र का समापन, लोकसभा के बाद राज्यसभा भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित     |   शराब घोटाले में केजरीवाल-सिसोदिया ने दिल्ली HC में दायर की याचिका, सीबीआई को दी चुनौती     |   ‘लोकसभा में सिर्फ एक बिल पर चर्चा, 12 बिल पास हुए’, बोले संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू     |   दिल्ली: लाल किले पर 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल जारी     |  

BCB के अध्यक्ष पद से हटाए गए अमीनुल बुलबुल, तमीम को तदर्थ समिति का बनाया गया प्रमुख

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से द्विपक्षीय संबंधों को फिर से शुरू करने का अनुरोध किए जाने के कुछ ही दिन बाद देश की राष्ट्रीय खेल परिषद (एनएससी) ने पूर्व कप्तान और बीसीबी के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल को मंगलवार को पद से हटा दिया और नए चुनाव होने तक बोर्ड के दैनिक कामकाज को चलाने के लिए तदर्थ समिति का गठन किया है।

बीसीबी के सूत्रों के अनुसार बुलबुल को मुख्य रूप से टी20 विश्व कप के दौरान हुए विवाद के कारण हटाया गया। उस समय तत्कालीन अंतरिम सरकार के सलाहकार आसिफ नजरुल ने पूर्व कप्तान को एक तरह से अपने काबू में कर लिया था और राष्ट्रीय टीम को इस वैश्विक प्रतियोगिता के लिए भारत जाने की अनुमति नहीं दी थी।

भारत-विरोधी कट्टरपंथी नजरुल का रुख यह था कि आईपीएल से मुस्ताफिजुर रहमान को हटाए जाने के विरोध के तौर पर बांग्लादेश के टी20 विश्व कप के मुकाबलों को कोलकाता और मुंबई से हटाकर श्रीलंका में स्थानांतरित कर दिया जाए।

इस पूरे मामले के दौरान बुलबुल केवल मूक दर्शक बने रहे और पिछले कुछ दिनों में उनके कारण बीसीबी के छह निदेशकों ने इस्तीफा दे दिया। बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और देश के महानतम सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल को 11 सदस्यीय तदर्थ का प्रमुख बनाया गया है।

इस समिति की जिम्मेदारी अगले 90 दिन के भीतर क्रिकेट बोर्ड के चुनाव करवाना है। एनएससी के निदेशक अमीनुल एहसान के अनुसार बीसीबी के मौजूदा बोर्ड को भंग करने और तदर्थ समिति गठित करने के फैसले की सूचना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को दे दी गई है।

हालांकि आईसीसी के नियम बोर्ड के मामलों में सरकार या किसी बाहरी संस्था के हस्तक्षेप की अनुमति नहीं देते लेकिन फिर भी इस बात की संभावना कम ही है कि यह वैश्विक संस्था बीसीबी पर प्रतिबंध लगाएगी क्योंकि एनएससी द्वारा चुनाव कराने के लिए समय सीमा पहले ही घोषित की जा चुकी है।

तमीम की अध्यक्षता वाली तदर्थ समिति में अतर अली खान, रश्ना इमाम, मिर्जा यासिर अब्बास, सैयद इब्राहिम अहमद, मिन्हाजुल अबेदिन नानू, इशराफिल खुसरो, तंजीम चौधरी, सलमान इस्पहानी, रफीकुल इस्लाम और फहीम सिन्हा शामिल हैं।