Breaking News

लखीसराय भगदड़: मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान     |   जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने विधायक पद की शपथ ली     |   सोशल मीडिया पर बच्चों के अश्लील कंटेंट पर SC की फटकार, केंद्र से मांगा जवाब     |   राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को खत लिखा     |   पीएम मोदी ने बिहार के लखीसराय में भगदड़ में हुई लोगों की मौतों पर दुख जताया     |  

नाग पंचमी पर CM योगी समेत कई मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं, सुख-शांति और समृद्धि की कामना

नाग पंचमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने देश और प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए नाग पंचमी के महत्व को बताते हुए सभी के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि प्रकृति के प्रति श्रद्धा, सह-अस्तित्व और शिवत्व का संदेश देने वाले पावन पर्व नाग पंचमी की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से प्रत्येक घर-आंगन आनंद, शांति और खुशहाली से आलोकित रहे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों को नाग पंचमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व हमारी सनातन संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने नाग देवता से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नाग पंचमी के अवसर पर भगवान नागचंद्रेश्वर महादेव को नमन किया। उन्होंने बताया कि उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य शिखर पर विराजमान भगवान नागचंद्रेश्वर महादेव के दिव्य कपाट खुल गए हैं। वर्ष में केवल एक बार होने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर के दुर्लभ दर्शन का सौभाग्य श्रद्धालुओं को आज प्राप्त हो रहा है। उन्होंने भगवान से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और मंगल की कामना की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी देशवासियों को नाग पंचमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में भगवान शिव के प्रिय नागदेव की आराधना का यह पावन पर्व हमें प्रकृति, आस्था और संतुलन का संदेश देता है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को नाग पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रावण मास के तीसरे सोमवार की भी बधाई देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होने की कामना की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी नाग पंचमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नाग पंचमी और श्रावण के तीसरे सोमवार के अवसर पर भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें। इस मौके पर सभी मुख्यमंत्रियों ने लोगों की खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।