हिंदू धर्म में कुंभ मेले का काफी महत्व माना गया है। साल 2025 में प्रयागराज महाकुंभ मेला लगने जा रहा है जिसकी शुरुआत आज यानी 13 जनवरी से हो गई है। पौष पूर्णिमा से शुरू हो रहा ये मेला 45 दिनों तक चलेगा। इसका समापन 26 फरवरी 2025 को महाशिवरात्रि के दिन होगा।
इस भव्य आयोजन में देश और दुनियाभर से लाखों करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचेंगे और यहां होने वाले स्नान में डुबकी लगाएंगे। इस बार कुल 6 स्नान होने वाले हैं, जिन्हें शाही नहीं अमृत स्नान के नाम से जाना जाएगा।
महाकुंभ का पहला अमृत स्नान
प्रयागराज महाकुंभ का पहला अमृत स्नान 13 जनवरी यानी आज ही है। इसके लिए ब्रह्म मूहर्त सबसे उत्तम माना गया है। हालांकि, अलग अलग समय पर ये स्नान चलता रहेगा। ब्रह्म मुहूर्त में स्नान का समय सुबह 5 बजकर 27 मिनट से 6 बजकर 21 मिनट है। उसके बाद दोपहर 12 बजकर 9 मिनट से 12 बजकर 51 मिनट में बन रहे अभिजीत मुहूर्त में स्नान किया जा सकता है। दोपहर 2 बजकर 15 से लेकर 2 बजकर 57 मिनट तक विजय मुहूर्त है। शाम 5 बजकर 42 मिनट से 6 बजकर 15 मिनट तक गोधूलि मुहूर्त में स्नान किया जा सकता है। इस समय किया गया दान पुण्य विशेष फलदायी होता है।
अमृत स्नान का महत्व
महाकुंभ के दौरान होने वाला अमृत स्नान इस आयोजन के सबसे महत्वपूर्ण भागों में से एक है। यह केवल स्नान नहीं बल्कि एक अनुष्ठान है, जिसमें देश और दुनिया भर से आने वाले अलग-अलग संप्रदाय को मानने वाले साधु संत अपने अपने नियमों से स्नान करते हैं। इसके बाद देश और दुनिया से आई जनता भी पुण्य कमाने के लिए डुबकी लगाती है। अमृत स्नान में सबसे पहले नागा साधु स्नान करते हैं। उसके बाद अन्य साधु और फिर जनता का स्नान होता है। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन अगर डुबकी लगा ली जाती है तो कई गुना पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिस स्नान करने से न केवल इस जन्म बल्कि पिछले जन्म के पापों का भी अंत हो जाता है। पितरों की आत्मा की शांति के लिए भी यह स्नान फलदायक माना गया है।