Breaking News

पप्पू यादव की सुरक्षा पर दिल्ली HC का बड़ा आदेश, अस्थायी तौर पर अतिरिक्त PSO मिलेगा     |   पीएम मोदी का नया संदेश, बोले- 15 अगस्त को हर घर तिरंगा लहराएं     |   'हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा...', पीएम मोदी ने Instagram पर की अपील     |   हुगली कोर्ट ने रेप केस में अभिषेक पोरेल को 3 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा     |   रांची छात्र प्रदर्शन: करीब 40 हिरासत में, 14 पुलिसकर्मी और 18 से ज्यादा छात्र घायल     |  

हरिद्वार में टूटा कांवड़ यात्रा का रिकॉर्ड, 4.43 करोड़ श्रद्धालु गंगाजल लेकर लौटे

हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से धर्मनगरी हरिद्वार गूंज रही है। कांवड़ मेले के 12वें दिन डाक कांवड़ यात्रा के आगाज के साथ ही हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सड़कों से लेकर गंगा घाटों तक हर तरफ शिवभक्तों की भारी भीड़ नजर आ रही है। हर की पौड़ी और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी के चलते जगह-जगह भीड़ का दबाव बना हुआ है।

हरिद्वार पुलिस कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक, कांवड़ मेले के 12वें दिन 63 लाख 60 हजार शिवभक्त हरिद्वार के प्रमुख घाटों से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इनमें बड़ी संख्या में डाक कांवड़िये भी शामिल हैं, जो गंगाजल लेकर तेजी से अपने-अपने शहरों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।

अब तक 4.43 करोड़ से ज्यादा कांवड़िये पहुंचे

हरिद्वार मेला नियंत्रण कक्ष की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कांवड़ यात्रा शुरू होने से लेकर अब तक 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार से अधिक कांवड़िये पवित्र गंगाजल उठा चुके हैं। शिवभक्त उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब समेत विभिन्न राज्यों के शिवालयों में जलाभिषेक के लिए रवाना हो रहे हैं।

डाक कांवड़ यात्रा शुरू होते ही हरिद्वार में दोपहिया और चार पहिया वाहनों से पहुंचने वाले युवाओं की संख्या में भी अचानक बड़ा इजाफा हुआ है। इसके चलते हर की पौड़ी और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। गंगा घाटों और प्रमुख मार्गों पर लगातार शिवभक्तों का रेला नजर आ रहा है।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन से निगरानी

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ पटरी, मुख्य राजमार्गों और संवेदनशील चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जगह-जगह पुलिस बल और यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता कर्मी भी लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रशासन की कांवड़ियों से अपील

भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों और डाक कांवड़ियों से शांति, अनुशासन और सावधानी बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से निर्धारित और स्वीकृत मार्गों का ही इस्तेमाल करने को कहा है। प्रशासन ने वाहन चालकों से तेज गति से वाहन न चलाने और पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाए रखना है।