छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नई आजाद दुर्गा उत्सव समिति ने अपने पंडाल में देवी दुर्गा की आकर्षक लाल मूर्ति स्थापित की है। इस मूर्ति को 150 किलो सिंदूर से बनाया गया है, जिसमें चांदी से बनी आंखें हैं।
मूर्ति बनाने में जिन चीजों का इस्तेमाल किया गया है, वो आमतौर पर धार्मिक अनुष्ठानों में प्रयोग की जाती हैं और पर्यावरण के अनुकूल होती हैं।
समिति 47 साल से दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही है और हमेशा ऐसी चीजों से मां दुर्गा की मूर्ति बनाने की कोशिश करती है, जिसका आमतौर पर मूर्ति बनाने में प्रयोग नहीं होता है। रायपुर के आजाद चौक पर मौजूद पंडाल में लगी इस अनोखी मूर्ति की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं और बड़ी संख्या में दुर्गा पूजा के लिए पहुंच रहे हैं।