उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 307 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 243 मेडिकल ऑफिसर, 42 फार्मासिस्ट और उद्यान विभाग के 22 लैब असिस्टेंट व मशरूम सुपरवाइजर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि राज्य के 1.25 करोड़ लोगों की सेवा करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि दूरदराज क्षेत्रों में संकट के समय यहीं लोग उम्मीद की पहली किरण बनते हैं।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक 62 लाख से अधिक कार्ड बनाए जा चुके हैं और लगभग 12 लाख मरीजों को 2,200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस इलाज मिल चुका है।उन्होंने बताया कि राज्य में फिलहाल पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और दो नए मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल भी चल रहे हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेलीकॉप्टर एंबुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि और उद्यान के क्षेत्र में भी सरकार कीवी, ड्रैगन फ्रूट, उच्च घनत्व वाले सेब, मशरूम और मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में भर्ती प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही हैं और सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले साढ़े चार वर्षों में 32,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।