Breaking News

चक्रवात मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में उखड़े पेड़     |   यूपी में आज बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा     |   जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में भूकंप के झटके, 3.1 रही तीव्रता     |   'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरेगी BJP, यूपी के 6 क्षेत्रों में पदयात्रा     |   ट्रंप प्रशासन को SC से झटका, कैलिफोर्निया के 20 हजार बैलेट गिनने पर रोक की मांग खारिज     |  

पीएम मोदी ने पुणे मेट्रो के 21,800 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का किया उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महाराष्ट्र के पुणे में करीब 21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हुए। इन परियोजनाओं से पुणे में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

8,300 करोड़ रुपये की पिंक लाइन का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी ने 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार पुणे मेट्रो लाइन-3 यानी पिंक लाइन का उद्घाटन किया। करीब 23 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर मान से डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन तक जाएगा। इससे हिंजेवाड़ी आईटी हब और शिवाजीनगर के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी।

इससे आईटी क्षेत्र में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने, ट्रैफिक जाम घटाने और प्रदूषण पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।

मेट्रो फेज-2 की रखी आधारशिला

प्रधानमंत्री ने करीब 13,500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले पुणे मेट्रो फेज-2 की भी आधारशिला रखी। इसमें मेट्रो लाइन 2A, 2B, 4 और 4A शामिल हैं। इन नए कॉरिडोर से शहर के रिहायशी, व्यावसायिक और आईटी क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

फेज-2 के तहत लाइन 2A वानाज से चांदनी चौक और लाइन 2B रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी को जोड़ेगी। इन दोनों लाइनों की कुल लंबाई करीब 12.75 किलोमीटर होगी। वहीं, 25.52 किलोमीटर लंबी लाइन-4 खराड़ी से खडकवासला तक और 6.12 किलोमीटर लंबी लाइन-4A नल स्टॉप से माणिक बाग तक कनेक्टिविटी देगी।

कई प्रमुख इलाकों को मिलेगा फायदा

नई मेट्रो परियोजनाओं से खराड़ी, मगरपट्टा, हड़पसर, स्वारगेट, माणिक बाग, नांदेड़ सिटी, पुणे कैंटोनमेंट और वारजे जैसे प्रमुख इलाकों को लाभ मिलेगा। रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी तक पूर्वी विस्तार से खराड़ी और वाघोली के तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी, व्यावसायिक और आईटी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

इन कॉरिडोर को मौजूदा पुणे मेट्रो नेटवर्क और इंटरसिटी बस सेवाओं से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए स्वारगेट, नल स्टॉप और खराड़ी बाईपास पर इंटरचेंज की सुविधा विकसित की जाएगी। इससे यात्रियों को शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने में आसानी होगी।