मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 3 नवंबर को प्रदेश की महिलाओं और उनके परिवारों को दिवाली का बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। लखनऊ के लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि ट्रांसफर करेंगे। इससे प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
1.89 करोड़ परिवारों के खातों में पहुंचेगी सब्सिडी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतीकात्मक रूप से लाभार्थियों को चेक प्रदान करेंगे और सब्सिडी का हस्तांतरण करेंगे। यह राशि लाभार्थियों के आधार प्रमाणित बैंक खातों में सीधे भेजी जाएगी। सरकार की इस पहल से उज्ज्वला योजना के पात्र परिवारों को दिवाली के मौके पर आर्थिक राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय और राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा सहित कई अतिथि मौजूद रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को संबोधित भी करेंगे।