Breaking News

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले- पहले राहुल जी को सुनें, उसके बाद ही प्रधानमंत्री को बोलने देंगे     |   बेंगलुरु मेट्रो में किराए को लेकर हुई बढ़ोतरी 9 फरवरी से लागू होगी     |   पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अभी भी ट्रैफिक जाम     |   दिल्ली: सिख फ़ॉर जस्टिस के आतंकी पन्नू के स्लीपर सेल के दो गुर्गे गिरफ्तार     |   इजरायल ने गाजा ब्रिगेड के कमांडर अल-हबील का किया काम तमाम, हमास में मची खलबली     |  

गौरव गोगोई ने हिमंता सरमा पर साधा निशाना, 12000 बीघा जमीन कब्जाने का लगाया आरोप

Assam: कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उनके परिवार ने राज्यभर में लगभग 12,000 बीघा (3,960 एकड़ से अधिक) जमीन पर कब्जा किया हुआ है। गोगोई ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि सरमा ने भूमि घोटाले को “छिपाने” के लिए उनके (गोगोई के) कथित पाकिस्तानी संबंधों का मुद्दा उठाया था।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने जांच की है और इससे कुछ चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने असम भर में लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा किया हुआ है। यह आंकड़ा अंतिम नहीं है, क्योंकि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में यह बढ़ सकता है।”

सरमा द्वारा हाल ही में उनके (गोगोई के) कथित पाकिस्तानी संबंधों का जिक्र करने पर गोगोई ने कहा, “उन्होंने यह पिछले साल 10 सितंबर को क्यों नहीं किया? वह इन पांच महीनों से सो रहे थे और अचानक उन्हें मेरे पाकिस्तानी संबंधों की याद आ गई।” मुख्यमंत्री ने पहले घोषणा की थी कि वह 10 सितंबर 2025 तक गोगोई के कथित पाकिस्तानी संबंधों से जुड़े सभी सबूत सार्वजनिक करेंगे।

लोकसभा में कांग्रेस के उप-नेता ने कहा, “उन्हें पता है कि हम उनके और उनके परिवार के भ्रष्टाचार व भूमि हड़पने के मामलों की फाइल तैयार कर रहे हैं। इसलिए उन्होंने यह मुद्दा फिर से उठाया। मैंने पहले कहा था कि यह ‘फ्लॉप शो’ होगा; मैं फिर से कह रहा हूं कि यह ‘फ्लॉप शो’ ही होगा।”

गोगोई के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।