केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिली है। मंगलवार को डाक के जरिए उनके कार्यालय में एक बिना नाम का पत्र पहुंचा। इस पत्र में उन्हें जल्द ही “हार्डकोर आतंकियों” के हाथों मारे जाने की धमकी दी गई है। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद चिराग पासवान के कार्यालय ने मामले की जानकारी केंद्रीय गृह सचिव को दी। साथ ही पत्र की सच्चाई और इसे भेजने वाले की पहचान की जांच करने की मांग की गई है।
चिराग पासवान के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार ने गृह सचिव को भेजे पत्र में बताया कि मंगलवार को मंत्रालय में एक बिना हस्ताक्षर वाला पत्र मिला। इसमें दो मोबाइल नंबर भी लिखे हुए थे। पत्र में लिखा था, “आपको जल्द ही हार्डकोर आतंकियों द्वारा मार दिया जाएगा।” मंत्री के कार्यालय ने इस धमकी को गंभीर बताया है और पत्र की मूल कॉपी भी जांच के लिए अधिकारियों को भेजी है।
चिराग पासवान को फिलहाल गृह मंत्रालय की ओर से Z कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। उनके कार्यालय ने गृह सचिव से मामले की जल्द और पूरी जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही चिराग पासवान की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा बढ़ाने का भी अनुरोध किया गया है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा पत्र किसने भेजा और यह धमकी कितनी गंभीर और सही है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।