Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

अमेरिका के विदेश मंत्री ने भारत को गणतंत्र दिवस की दीं शुभकामनाएं, क्वाड सहयोग की सराहना की

Republic Day 2026: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और रक्षा व अन्य क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद (क्वाड) के तहत किए जा रहे सहयोग की सराहना की।

रुबियो ने कहा कि अमेरिका-भारत संबंध रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों पर निकट सहयोग के जरिए दोनों देशों के लिए और ‘चतुर्भुज सुरक्षा संवाद’ (क्वाड) के माध्यम से हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए ‘‘ठोस नतीजे’’ दे रहे हैं। अमेरिकी नेता ने 26 जनवरी को मनाए जा रहे गणतंत्र दिवस पर भारत के लिए एक विशेष संदेश दिया।

रुबियो ने रविवार को कहा, ‘‘अमेरिका के लोगों की ओर से, मैं भारत के लोगों को उनके गणतंत्र दिवस पर हार्दिक बधाई देता हूं।’’

उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका के समूह का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘अमेरिका और भारत के बीच एक ऐतिहासिक संबंध है। रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और उभरती प्रौद्योगिकियों पर हमारे निकट सहयोग से लेकर क्वाड के जरिए हमारी बहु-स्तरीय सहभागिता तक, अमेरिका-भारत संबंध हमारे दोनों देशों के लिए और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए वास्तविक परिणाम दे रहे हैं।’’

रुबियो ने कहा कि वह ‘‘आने वाले वर्ष में हमारे साझा उद्देश्यों को आगे बढ़ाने’’ के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं। दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो ने भी इस अवसर पर भारत को बधाई दी।

ब्यूरो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं, भारत! आपके देश द्वारा संविधान अंगीकार किए जाने का जश्न मनाने में अमेरिका भारत के लोगों के साथ शामिल है और हम यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि दुनिया के दो सबसे बड़े और जीवंत लोकतंत्र आने वाले वर्ष में मिलकर क्या हासिल करेंगे।’’