London: ब्रिटेन की 10 डाउनिंग स्ट्रीट। ये वो जगह है जो इस देश के नए प्रधानमंत्रियों का जल्दी जल्दी स्वागत कर रहा है। पिछले एक दशक में ब्रिटेन ने छह प्रधानमंत्रियों को बदलते देखा है। सोमवार को केअर स्टॉर्मर के दो साल से भी कम समय में प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद, 10 साल में सातवीं बार देश नए प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी कर रहा है।
ये सिलसिला कंजर्वेटिव नेता डेविड कैमरन के साथ शुरू हुआ। उन्होंने 2016 में ब्रेक्जिट जनमत संग्रह हारने के बाद इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद थेरेसा मे ने सत्ता संभाली। हालांकि उनकी ब्रेक्जिट को लागू करने की कोशिशों को, संसद में समर्थन नहीं मिला और आखिरकार उन्होंने 2019 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
इसके बाद कंजर्वेटिव नेता बोरिस जॉनसन ने ब्रेक्जिट को अंजाम दिया और कोरोना महामारी के दौरान देश की कमान संभाली लेकिन कई घोटालों की वजह से 2022 में उनकी सरकार गिर गई। उनकी जगह लिज ट्रस सत्ता में आईं, उनकी आर्थिक योजनाओं ने बाजार में उथल-पुथल मचा दी। जिसकी वजह से लिज ट्रस को महज 44 दिन के भीतर कुर्सी छोड़नी पड़ी। ब्रिटिश इतिहास में वो सबसे कम वक्त तक देश की प्रधानमंत्री रही।
इसके बाद एक और कंजर्वेटिव नेता ऋषि सुनक ब्रिटेन की सत्ता पर काबिज हुए लेकिन 2024 के आम चुनाव में उनकी पार्टी को भारी हार का सामना करना। इसके बाद, लेबर पार्टी के केअर स्टॉर्मर की ब्रिटेन की राजनीति में आने का रास्ता साफ हो गया। उन्होंने आर्थिक सुधार और बेहतर सार्वजनिक सेवाओं का वादा करते हुए भारी जीत हासिल की लेकिन कमजोर आर्थिक विकास, स्थानीय चुनावों के निराशाजनक नतीजों और लेबर पार्टी के अंदर कलह के बीच उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
करीब एक दशक में दो पार्टियों के छह प्रधानमंत्रियों के सत्ता संभालने के बाद ब्रिटेन अब राजनीतिक स्थिरता की तलाश में है।