Breaking News

असम: बाल विवाह के खिलाफ एक नवंबर से 30 दिन का स्पेशल क्रैकडाउन     |   ‘वंदे मातरम्’ पर सोनिया गांधी से BJP का सवाल- इतनी नफरत क्यों?     |   गुजरात: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम भूपेंद्र पटेल ने किए 3 बड़े ऐलान     |   सही दिशा नहीं मिली तो बोझ बन जाएंगे युवा: मोहन भागवत     |   ग्रामीण स्कूलों के सोशल ऑडिट की आज से देशव्यापी शुरुआत     |  

अमेरिका ने ईरान पर किए नए हमले, जवाबी कार्रवाई में ईरान ने खाड़ी देशों और जॉर्डन पर दागीं मिसाइलें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को बातचीत रोकने के लिए ‘‘कीमत चुकाने’’ की धमकी दिए जाने के बाद अमेरिका ने गुरुवार सुबह तेहरान पर नए सिरे से हवाई हमले किए। ईरान के कई शहरों में हुए इन नए हमलों के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत की कोशिशें फिर से ठप पड़ती दिखाई दीं। ईरान ने इस बात पर जोर दिया कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ बनाए रखेगा, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई है और तेल की कीमतों में उछाल आया है।

ईरान ने हमलों का जवाब देने की धमकी दी है। गुरुवार सुबह बहरीन में मिसाइल हमले के सायरन बज उठे। बहरीन में अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े का मुख्यालय स्थित है। वहीं, कुवैत की सेना ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय होकर गोलाबारी कर रही है। बुधवार को अमेरिका के पहले दौर के हवाई हमलों के बाद ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन पर मिसाइलें दागी थीं।

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीटर हेगसेथ ने बुधवार रात को ईरान पर जोरदार हमले करने की घोषणा की थी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने ईरान में सूर्योदय से ठीक पहले अपने ताजा हवाई हमलों का दौर ‘‘पूरा’’ कर लिया। कमांड के अनुसार, ये हमले ‘‘ईरान की अनुचित और लगातार आक्रामकता के जवाब में’’ किए गए और इनमें ईरानी सैन्य निगरानी क्षमताओं, संचार प्रणालियों तथा वायु रक्षा ठिकानों को निशाना बनाया गया।

हमलों से हुए नुकसान का विस्तृत विवरण नहीं दिया गया। बताया गया कि ये कार्रवाई अमेरिकी वायुसेना, मरीन कोर और नौसेना ने मिलकर की। इन हमलों के दौरान ईरान की राजधानी तेहरान, बंदरगाह शहर बंदर अब्बास और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास के दक्षिणी इलाकों में विस्फोटों की आवाजें गूंजती रहीं।