Breaking News

फ्रांस में दंगों के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 2,700 लोग हिरासत में लिए गए     |   तिब्बत में 7 की तीव्रता वाले भीषण भूकंप से भारी तबाही, 16 लोगों की मौत, 32 घायल     |   टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: कोटा से दबोचे गए तीन आरोपियों से कड़ी पूछताछ     |   हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का बड़ा असर, कई कंपनियां और दफ्तर बंद     |   बिहार-यूपी समेत 4 राज्यों की 28 MLC सीटों पर वोटिंग जारी     |  

पाकिस्तान ने खाली किया खजाना! यूएई को 3.45 अरब डॉलर का पूरा कर्ज लौटाया

Pakistan: वित्तीय संकट में घिरे पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को बकाया 3.45 अरब अमेरिकी डॉलर का पूरा कर्ज लौटा दिया है। पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह भुगतान 23 अप्रैल को पूरा किया गया। एक अरब डॉलर की राशि अबू धाबी फंड फॉर डेवलपमेंट को चुकाई गई, जबकि 2.45 अरब डॉलर का भुगतान पिछले सप्ताह कर दिया गया था।

एसबीपी ने कहा, “इसके साथ ही यूएई को कुल 3.45 अरब डॉलर की जमा राशि की वापसी पूरी हो गई है।” यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पाकिस्तान को हाल ही में सऊदी अरब से तीन अरब डॉलर की वित्तीय सहायता मिली है। यह राशि दो किस्तों में आई, जिसमें दूसरी किस्त के रूप में एक अरब डॉलर 21 अप्रैल को प्राप्त हुए।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में ईरान को लेकर अमेरिका-इजराइल के साथ बढ़े तनाव के बाद यूएई ने पाकिस्तान से यह धन तत्काल लौटाने को कहा था। यह राशि 2019 में यूएई द्वारा पाकिस्तान को उसके भुगतान संतुलन को स्थिर करने के लिए दी गई बाहरी वित्तीय सहायता का हिस्सा थी।

इससे पहले मार्च में पाकिस्तान यूएई के साथ लगभग 3.5 अरब डॉलर की जमा राशि को आगे बढ़ाने (रोलओवर) का समझौता करने में नाकाम रहा था, जिससे अल्पकालिक वित्तीय स्थिति को लेकर चिंता बढ़ी थी।

विश्लेषकों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) समर्थित सुधार कार्यक्रम के तहत स्थिरता के प्रयास जारी हैं, लेकिन ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक पूंजी बाजार की सीमित उपलब्धता के बीच बाहरी वित्तीय जोखिम अभी भी एक बड़ी चुनौती बने हुए हैं।