Breaking News

अमित शाह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे     |   प्रयागराज जिले में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 30 अक्टूबर को रहेंगे बंद     |   कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की     |   दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर करवा चौथ मनाया     |   पाकिस्तान में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला समेत 10 लोगों की मौत     |  

पेरिस में पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता के लिए सोमवार शाम को (स्थानीय समयानुसार) पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। पीएम मोदी राष्ट्रपति मैक्रों की तरफ से एलिसी पैलेस में आने वाले शासनाध्यक्षों और राष्ट्राध्यक्षों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे। रात्रिभोज में तकनीकी क्षेत्र के सीईओ और एआई समिट में आमंत्रित कई और प्रतिष्ठित लोगों के भी शामिल होने की संभावना है।

सोमवार को पीएम मोदी के पेरिस पहुंचने पर फ्रांस के सशस्त्र बल मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने उनका स्वागत किया। मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ एआई एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता करेंगे। बुधवार को दोनों नेता प्रथम विश्व युद्ध में भारतीय सैनिकों के बलिदान को श्रद्धांजलि देने के लिए मार्सिले में कॉमनवेल्थ वॉर ग्रेव्स कमीशन द्वारा बनाए गए मजारगुएस युद्ध कब्रिस्तान भी जाएंगे।

वे मार्सिले में भारत के नवीनतम महावाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करेंगे। मोदी और मैक्रॉन एक हाई साइंस प्रोजेक्ट, इंटरनेशनल थर्मोन्यूक्लियर एक्सपेरिमेंटल रिएक्टर (आईटीईआर) की साइट कैडराचे का दौरा करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, ये पीएम मोदी की फ्रांस की छठी यात्रा है। फ्रांस से पीएम मोदी अपनी दो देशों की यात्रा के दूसरे चरण में अमेरिका जाएंगे।