Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

सोने के भाव में चौथे दिन भी तेजी जारी, 1,899 रुपये उछलकर एक लाख रुपये के करीब पहुंचा

Delhi: सोने के वायदा भाव में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में मंगलवार को तेजी जारी रही और सुरक्षित निवेश की निरंतर मांग के चलते यह 1,899 रुपये की तेजी के साथ 99,178 रुपये प्रति 10 ग्राम के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया। 

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के सबसे अधिक कारोबार वाले जून डिलीवरी अनुबंधों में शुरुआती कारोबार में 1,899 रुपये यानी करीब दो प्रतिशत की तेजी के साथ 99,178 रुपये प्रति 10 ग्राम की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। बाद में जून अनुबंध 22,687 लॉट के ओपन इंटरेस्ट के साथ 1,601 रुपये या 1.65 प्रतिशत की तेजी के साथ 98,880 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

सोने का अगस्त अनुबंध 1,848 रुपये यानी 1.89 प्रतिशत की तेजी के साथ 99,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया। इसके अलावा, अक्टूबर अनुबंध ने एमसीएक्स पर पहली बार एक लाख रुपये का आंकड़ा पार किया, जो 2,000 रुपये यानी दो प्रतिशत बढ़कर 1,00,484 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया।

विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेडरल रिजर्व में सुधार की योजना का खुलासा करने के बाद अमेरिकी मौद्रिक नीति को लेकर चिंताओं के कारण सोने में उछाल आया। वैश्विक मोर्चे पर, सोने का वायदा भाव बढ़कर 3,504.12 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर पहुंच गया। बाद में, यह 65.42 डॉलर या 1.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,490.72 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। 

मेहता इक्विटीज लिमिटेड के जिंस के उपाध्यक्ष राहुल कलंत्री ने कहा, “वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता और अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध के बढ़ने के बीच सोने की कीमतें पहली बार अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 3,500 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गईं और घरेलू बाजारों में भी 97,000 के स्तर को पार कर गईं।” 

सोमवार को, ट्रंप ने फेडरल रिजर्व से ब्याज दरों में कटौती करने के अपने आह्वान को दोहराते हुए कहा कि अगर फेडरल रिजर्व तुरंत ब्याज दरों में कटौती नहीं करता है तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था धीमी हो सकती है।