Breaking News

16 सितंबर को चीन जाएंगे ईरानी विदेश मंत्री अराघची, वांग यी से होगी वार्ता     |   दिल्ली में छात्रों के लिए 10 हजार बेड वाला हॉस्टल, CM रेखा गुप्ता का ऐलान     |   जंतर-मतर प्रोटेस्ट: मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को मिली अंतरिम जमानत     |   पीएम मोदी ने प्रख्यात बंगाली लेखक शरतचंद्र चट्टोपाध्याय को 150वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि     |   दिल्ली में सितंबर में दर्ज हुए डेंगू और मलेरिया के सबसे ज्यादा मामले: MCD     |  

योगी सरकार की ग्रीन मोबिलिटी को रफ्तार, नोएडा की 100 ई-बसों ने 7.18 लाख यात्रियों को दी सेवा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ग्रीन मोबिलिटी और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन के विजन को नोएडा में संचालित इलेक्ट्रिक बसों से मजबूती मिल रही है। नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो की 100 ई-बसों ने सितंबर के पहले 13 दिनों में करीब 2.96 लाख किलोमीटर का सफर तय किया और 1.99 लाख से ज्यादा यात्रियों को सेवा दी। इस दौरान बसों से 61.75 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

20 जून से 13 सितंबर 2026 तक नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित ई-बसों ने कुल 15.12 लाख किलोमीटर से ज्यादा का परिचालन किया। इस दौरान 7.18 लाख से अधिक यात्रियों ने ई-बस सेवा का लाभ उठाया और इससे 2.24 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व प्राप्त हुआ। नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो के आंकड़ों के मुताबिक, 20 से 30 जून के बीच 11 दिनों में 100 ई-बसों ने 1.47 लाख किलोमीटर का परिचालन किया और 28,053 यात्रियों को सेवा दी। इस दौरान 9.07 लाख रुपये का राजस्व मिला।

जुलाई में परिचालन बढ़कर 4.79 लाख किलोमीटर हो गया। इस दौरान 1.50 लाख यात्रियों ने सफर किया और 47.93 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अगस्त में ई-बसों ने 5.89 लाख किलोमीटर की दूरी तय की और करीब 3.40 लाख यात्रियों को सेवा दी। इस महीने राजस्व 1.05 करोड़ रुपये से अधिक रहा। सितंबर के पहले 13 दिनों में ही 2.96 लाख किलोमीटर परिचालन, 1.99 लाख से ज्यादा यात्रियों और 61.75 लाख रुपये से अधिक राजस्व का आंकड़ा दर्ज किया गया।

अगस्त की तुलना में सितंबर में प्रति बस प्रतिदिन औसत परिचालन 190.21 किलोमीटर से बढ़कर 227.78 किलोमीटर हो गया। वहीं, प्रति बस प्रतिदिन यात्रियों की संख्या 109.79 से बढ़कर 153.68 और औसत दैनिक आय 3,414.86 रुपये से बढ़कर 4,750.20 रुपये हो गई। आय प्रति किलोमीटर भी 17.95 रुपये से बढ़कर 20.85 रुपये पहुंच गई।

नोएडा प्राधिकरण की 50 ई-बसों ने सितंबर के पहले 13 दिनों में 1.50 लाख किलोमीटर का परिचालन किया और 1.04 लाख से अधिक यात्रियों को सेवा दी। इस दौरान 31.45 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। प्रति बस प्रतिदिन औसत परिचालन 231.17 किलोमीटर, यात्रियों की संख्या 160.14 और आय 4,839.17 रुपये रही। आय प्रति किलोमीटर भी 20.93 रुपये दर्ज की गई। अगस्त के मुकाबले दैनिक परिचालन और यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 25 बसों ने सितंबर के पहले 13 दिनों में 77,110 किलोमीटर का सफर तय किया और 53,194 यात्रियों को सेवा दी। इससे 16.17 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। प्रति बस प्रतिदिन परिचालन 237.26 किलोमीटर और यात्रियों की संख्या 163.67 रही। आय प्रति किलोमीटर 20.98 रुपये और प्रति बस प्रतिदिन आय 4,978.15 रुपये दर्ज की गई। इन आंकड़ों के आधार पर ग्रेटर नोएडा तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों में प्रति बस प्रतिदिन परिचालन, यात्री संख्या, आय प्रति किलोमीटर और प्रति बस दैनिक आय के मामले में सबसे आगे रहा।

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चल रही 25 ई-बसों ने सितंबर के पहले 13 दिनों में 68,749 किलोमीटर का परिचालन किया। इस दौरान 42,497 यात्रियों ने ई-बसों से सफर किया और 14.11 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। प्रति बस प्रतिदिन औसत परिचालन 211.54 किलोमीटर, यात्रियों की संख्या 130.76 और आय 4,344.32 रुपये रही। आय प्रति किलोमीटर 20.54 रुपये दर्ज की गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जून 2026 में नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन कर ई-बसों को हरी झंडी दिखाई थी। सरकार का लक्ष्य एनसीआर में स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों को ग्रीन मोबिलिटी से जोड़ने के साथ जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

यूपीएसआरटीसी मुख्यालय लखनऊ के मुताबिक, नोएडा में तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों की इलेक्ट्रिक बसों के लिए कमांड सेंटर बनाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। प्रस्तावित 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम से ई-बसों की लाइव निगरानी की जाएगी। इससे बसों के संचालन, रूट और सेवाओं पर लगातार नजर रखी जा सकेगी और यात्रियों को बेहतर एवं व्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन सुविधा देने में मदद मिलेगी।