US-India Trade Deal: भारत और अमेरिका ने शनिवार को अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा पर पहुंचने की घोषणा की है। जारी किए गए एक संयुक्त बयान के मुताबिक इसके तहत दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करेंगे।
अमेरिका, भारतीय वस्तुओं पर शुल्क को मौजूदा 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करेगा। वहीं भारत सभी अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं और अमेरिकी खाद्य और कृषि उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पर आयात शुल्क खत्म या कम करेगा।
इसके अलावा, जेनेरिक दवाइयों, रत्नों और हीरों, और विमान के कल-पुर्जों सहित कई तरह की वस्तुओं पर शुल्क शून्य हो जाएगा, जिससे भारत की निर्यात प्रतिस्पर्धी क्षमता और 'मेक इन इंडिया' को और बढ़ावा मिलेगा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अंतरिम व्यापार समझौता किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसर खोलकर 'मेक इन इंडिया' को मजबूत करेगा और महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार सृजित करेगा।
अमेरिका 2021 से 2025 के दौरान भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार था। भारत के कुल निर्यात में अमेरिका का हिस्सा लगभग 18 फीसदी, आयात में 6.22 फीसदी और द्विपक्षीय व्यापार में 10.73 फीसदी है। 2024-25 में, द्विपक्षीय व्यापार 186 अरब डॉलर तक पहुंच गया।