Breaking News

दिल्ली: नरेला में तेज रफ्तार कार ने एक महिला समेत कई वाहनों को मारी टक्कर, चालक हिरासत में     |   IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए PM मोदी, छात्रों को किया सम्मानित     |   खराब मौसम के चलते जम्मू से अमरनाथ यात्रा स्थगित, श्रद्धालुओं की संख्या में भी कमी     |   हिमाचल के चंबा में बड़ा हादसा, बस के खाई में गिरने से 7 की मौत और कई घायल     |   सलमान खान के घर के बाहर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत     |  

दिग्गज फिल्म निर्माता आरबी चौधरी का सड़क हादसे में निधन, इंडस्ट्री में शोक

तमिल, तेलुगु, मलयालम और हिंदी फिल्मों के मशहूर निर्माता आरबी चौधरी का मंगलवार को राजस्थान के ब्यावर जिले के पास एक सड़क हादसे में निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। रायपुर पुलिस थाने के सहायक उपनिरीक्षक मनोहर लाल खोखा के अनुसार, यह हादसा नेशनल हाईवे पर झूंठा गांव के पास हुआ। हादसे में उनके कार चालक गौतम सीरवी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरबी चौधरी अपने भतीजे के साथ लीलाम्बा गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में झूंठा गांव के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह खबर बेहद दुखद है और उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही, घायल चालक के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

आरबी चौधरी के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए चेन्नई ले जाया जाएगा। चार दशकों से अधिक के करियर में उन्होंने ‘नट्टामाई’, ‘गोकुलम’, ‘सूर्यवंशम’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में प्रोड्यूस कीं। उनकी आखिरी फिल्म ‘मारीसन’ थी, जिसका निर्देशन सुधीश शंकर ने किया था। इस फिल्म में वडिवेलु और फहद फासिल मुख्य भूमिका में थे और इसका संगीत युवन शंकर राजा ने दिया था। यह फिल्म जुलाई 2025 में रिलीज हुई थी।