Breaking News

मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आवारा कुत्ते ने 60 लोगों को किया घायल     |   उप-राष्ट्रपति राधाकृष्णन ने धर्मस्थल मंदिर में की पूजा-अर्चना     |   बीजेपी ने TMC नेता कल्याण बनर्जी के हमले के दावे को बताया ड्रामा     |   बंगाल के कई जिलों में टीएमसी का प्रदर्शन, कई जगहों पर किया रोड जाम     |   पश्चिम बंगाल में कल मंत्रिमंडल विस्तार होगा     |  

उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर, 48 घंटे का हीट वेव अलर्ट जारी

उत्तराखंड में गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले 48 घंटों के लिए हीट वेव अलर्ट जारी किया है। देहरादून समेत मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, उधम सिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और कई स्थानों पर पारा 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है।

भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। डॉक्टरों ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अधिक से अधिक पानी पीने, नींबू पानी, छाछ और मौसमी फलों का सेवन करने की अपील की है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। मेडिकल विशेषज्ञों ने कहा कि चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल जाना चाहिए, क्योंकि ये लू लगने के संकेत हो सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।