Breaking News

अंकिता भंडारी हत्याकांड: मुख्य आरोपी पुलकित के पिता और वकील के खिलाफ जीरो FIR     |   ‘धारा 301’ जांच और 25 प्रतिशत शुल्क को लेकर भारत का अमेरिका को सीधा जवाब     |   दिल्ली के यमुना खादर में मुठभेड़, आरोपी अमन गुर्जर के पैर में गोली     |   उत्तराखंड चुनाव 2027 से पहले प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 13 IAS और 17 IPS अफसरों का किया ट्रांसफर     |   26/11 हमले के 18 साल हुए पूरे, चश्मदीद ने बताया-आज भी नहीं सो पाता ठीक से     |  

21 फरवरी से शुरू होंगी उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं, चंपावत जिले में तैयारी तेज

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जनपद चम्पावत में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षाएं आगामी 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक संचालित होंगी। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी  कृष्णनाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

बता दें इस वर्ष जनपद से कुल 5356 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। इनमें हाईस्कूल के 2879 तथा इंटरमीडिएट के 2477 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। सभी परीक्षाएं एकल पाली में आयोजित की जाएंगी। जनपद में इस वर्ष कुल 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 43 मिश्रित केंद्र एवं 1 एकल केंद्र शामिल है। साथ ही इस वर्ष डांडा ककनाई एवं खटोली में दो नए परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी। 

अपर जिलाधिकारी  गोस्वामी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे और धारा-163 का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। केंद्रों की निगरानी हेतु सचल दलों का गठन किया गया है, जो औचक निरीक्षण करेंगे। साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, समुचित बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए।