Breaking News

असम: बाल विवाह के खिलाफ एक नवंबर से 30 दिन का स्पेशल क्रैकडाउन     |   ‘वंदे मातरम्’ पर सोनिया गांधी से BJP का सवाल- इतनी नफरत क्यों?     |   गुजरात: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम भूपेंद्र पटेल ने किए 3 बड़े ऐलान     |   सही दिशा नहीं मिली तो बोझ बन जाएंगे युवा: मोहन भागवत     |   ग्रामीण स्कूलों के सोशल ऑडिट की आज से देशव्यापी शुरुआत     |  

BJP सदस्यों और AAP विधायक मेहराज मलिक के बीच हाथापाई, जम्मू कश्मीर विधानसभा में मचा बवाल

बीजेपी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक की टिप्पणी पर बुधवार को जम्मू कश्मीर विधानसभा परिसर में बीजेपी के विधायकों ने उनसे हाथापाई की। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के तुरंत बाद मेहराज मलिक, मुफ्ती मोहम्मद सईद के खिलाफ अपनी टिप्पणी को लेकर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) कार्यकर्ताओं के साथ बहस में उलझ गए। सईद के खिलाफ कथित अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने पर पीडीपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें आड़े हाथ लिया। 

विधानसभा की सुरक्षा के लिए तैनात सुरक्षाकर्मियों ने एएपी विधायक और पीडीपी कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई को टाल दिया। इसके बाद मेहराज मलिक ने विधानसभा परिसर के अंदर पीडीपी कार्यकर्ताओं को घुसने देने के लिए सुरक्षा कर्मियों पर निशाना साधा। मेहराज मलिक ने सुरक्षाकर्मियों से कहा, “पुलिस अधीक्षक को मुझ पर हमला करने वाले पीडीपी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करना चाहिए।” 

उन्होंने कहा, “मैंने जो भी कहा, मैं उससे पीछे नहीं हटूंगा। वे (सईद) मेरे लिए गद्दार हैं।” इसके तुरंत बाद मलिक ने कथित तौर पर बीजेपी और उसके नेताओं के खिलाफ कुछ टिप्पणी की, जिससे मौके पर मौजूद बीजेपी विधायक गुस्सा हो गए। विक्रम रंधावा और युद्धवीर सेठी के नेतृत्व में बीजेपी विधायकों ने एएपी विधायक से हाथापाई की। इस हाथापाई के दौरान मलिक मेज पर गिर गए जो टूट गई। इसी दौरान मलिक के साथ झगड़े में एक बीजेपी विधायक की कमीज फट गई। 

मलिक ने सदन में नेशनल कॉन्फ्रेंस सदस्यों से कहा, "मैं एसपी, सुरक्षा के खिलाफ कार्रवाई चाहता हूं। मैं पीडीपी के लोगों की गिरफ्तारी चाहता हूं। पीडीपी और बीजेपी मेरे खिलाफ इस युद्ध में एक साथ हैं। मुझे किसी का समर्थन नहीं चाहिए। मैं सदन में बैठूंगा और स्पीकर से जवाब मांगूंगा।"