ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में बांदा के हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। जिले के कारीगर और उद्यमी अपने उत्पादों के साथ वैश्विक खरीदारों के सामने पहुंचने के लिए तैयार हैं। ट्रेड शो में ODOP, MSME और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जुड़े लाभार्थी हिस्सा लेंगे। बांदा के शजर पत्थर से बने हस्तशिल्प के साथ यहां की प्रसिद्ध मिठाइयां और बेकरी उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
शजर स्टोन के दो स्टॉल लगाए जाएंगे
उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त सुधीर श्रीवास्तव के अनुसार, ट्रेड शो में बांदा के ODOP उत्पाद शजर स्टोन के दो विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके लिए द्वारिका प्रसाद सोनी और अर्जुन गुप्ता का चयन किया गया है। दोनों उद्यमी शजर पत्थर से तैयार किए गए अलग-अलग तरह के हस्तशिल्प और कलाकृतियां प्रदर्शित करेंगे। यह पत्थर केन नदी के किनारे पाया जाता है और बांदा के प्रमुख स्थानीय उत्पादों में शामिल है।
बालूशाही और सोहन हलुआ भी होंगे आकर्षण
हस्तशिल्प के साथ बांदा के पारंपरिक स्वाद को भी ट्रेड शो में पेश किया जाएगा। ODOP श्रेणी से दीपक सोनी बालूशाही और सोहन हलुआ का स्टॉल लगाएंगे। वहीं, MSME श्रेणी से कमल आहूजा अपने बेकरी उत्पादों के जरिए जिले के आधुनिक खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत चयनित युवा उद्यमी रवी नगाइच और शिवम कुशवाहा भी ट्रेड शो में हिस्सा लेंगे।
वैश्विक खरीदारों से जुड़ने का मौका
स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों ने कहा कि ट्रेड शो के जरिए उन्हें अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। उनके मुताबिक, इससे बांदा के शजर स्टोन उद्योग को नए व्यापारिक ऑर्डर मिलने के साथ ही स्थानीय खाद्य उत्पादों और युवा उद्यमियों को भी नए बाजार से जुड़ने का मौका मिलेगा।