Breaking News

निठारी कांड: सुरेंद्र कोली के शव को पुलिस ने कब्जे में लिया, शुरू की आगे की जांच     |   निठारी कांड में बरी होने के बाद हरिद्वार में रहने लगा था सुरेंद्र कोली, बेचता था चाय     |   निठारी कांड में बरी हुए सुरेंद्र कोली ने की आत्महत्या, हरिद्वार में चाय की दुकान में लगाई फांसी     |   FSSAI की बच्चों के न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स को लेकर नेस्ले इंडिया पर कानूनी कार्रवाई     |   तेजस को मिला उड़ान का फाइनल क्लियरेंस, HAL ने दिया अप्रूवल     |  

UP International Trade Show 2026: निवेश से निर्यात तक एक मंच पर दिखेगा यूपी का औद्योगिक सामर्थ्य

उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में योगी सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश संभावनाओं और निर्यात सामर्थ्य को वैश्विक मंच देने के लिए चौथा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा।

ट्रेड शो में प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों, विकास प्राधिकरणों, औद्योगिक क्षेत्रों, एमएसएमई, ओडीओपी उद्यमियों, निर्यातकों और सेवा क्षेत्र से जुड़े संस्थानों की भागीदारी प्रस्तावित है। अलग-अलग हॉल में निवेश प्रोत्साहन, आधारभूत ढांचे, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा, वस्त्र और अन्य क्षेत्रों की क्षमताओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश प्रोत्साहन संस्थानों को अलग-अलग हॉल में स्थान दिया गया है।

  • हॉल 1: इन्वेस्ट यूपी और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा)

  • हॉल 3: यूपीसीडा, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा

  • हॉल 4: ‘यूपी एट अ ग्लांस’

  • हॉल 5: सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग

  • हॉल 6: सिंचाई, समाज कल्याण, नगर विकास, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, ऊर्जा और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग

  • हॉल 7: नोएडा विकास प्राधिकरण, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, कौशल विकास मिशन, आईटी एवं आईटीईएस और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण

  • हॉल 8: श्रम, स्वास्थ्य, अस्पताल, उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, बैंकिंग एवं वित्त क्षेत्र

इन संस्थानों के जरिए निवेशकों और उद्यमियों को प्रदेश के औद्योगिक ढांचे, कनेक्टिविटी, मानव संसाधन और कारोबारी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में एमएसएमई और स्थानीय उत्पादों की भूमिका को देखते हुए ट्रेड शो में इन्हें विशेष स्थान दिया गया है।

  • हॉल 9: ओडीओपी उत्पाद

  • हॉल 10: नए उद्यमी और एमएसएमई

  • हॉल 11: पशुपालन, मत्स्य, ग्रामीण आजीविका मिशन, जीआई उत्पाद, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और आयुष

  • हॉल 12: कृषि, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार, खाद्य प्रसंस्करण, उद्यान, डेयरी विकास और चीनी उद्योग

ओडीओपी और एमएसएमई उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से उद्यमियों को ब्रांडिंग, संभावित खरीदारों से संपर्क और नए बाजारों तक पहुंच बनाने के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। ट्रेड शो में निर्यात और कारोबारी कनेक्टिविटी से जुड़े क्षेत्रों को भी प्रमुखता दी गई है। हॉल 14, 15 और 16 में टाउन ऑफ एक्सीलेंस, निर्यातकों, वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स, वस्त्र एवं हथकरघा, खेल और मुख्यमंत्री युवा से जुड़े क्षेत्रों की भागीदारी प्रस्तावित है।

वहीं, हॉल 17 में ओडीओपी ओपन स्पेस, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के हितधारक, क्रेडाई और परिवहन क्षेत्र को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों की भागीदारी से प्रदेश के उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने से जुड़े कारोबारी अवसरों को प्रदर्शित किया जाएगा। ट्रेड शो के फोयर एरिया में प्रदेश के विभिन्न विकास प्राधिकरण भी हिस्सा लेंगे। इनमें कानपुर, वाराणसी, आगरा, लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद और बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण समेत अन्य संस्थान शामिल हैं।

इनकी भागीदारी के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, औद्योगिक विस्तार और निवेश की संभावनाओं को निवेशकों और उद्यमियों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकारी विभागों, उद्योग संगठनों, चैंबरों, संस्थानों और विश्वविद्यालयों को आमंत्रित किया जा रहा है। सरकारी कार्यालयों और विभागों को पत्र तथा आमंत्रण कार्ड भेजे जा चुके हैं।

उद्योग संगठनों और चैंबरों को डिजिटल माध्यम से निमंत्रण भेजे गए हैं, जबकि डाक से आमंत्रण भेजने की प्रक्रिया जारी है। संस्थानों और विश्वविद्यालयों को भी डिजिटल आमंत्रण भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा, बी2बी और बी2सी खरीदारों के पंजीकरण के लिए क्यूआर कोड तैयार कर प्रसारित किया जा रहा है।