Breaking News

तेजस को मिला उड़ान का फाइनल क्लियरेंस, HAL ने दिया अप्रूवल     |   मुंबई: Olympia Coffee House पर बड़ा एक्शन, FDA जांच के बाद लाइसेंस सस्पेंड     |   DUSU इलेक्शन 2026: छात्र संघ चुनाव की वोटिंग शुरू     |   हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग, बाल-बाल बचे     |   हॉर्मुज स्ट्रेट में ईरान ने ऑयल टैंकर पर किया हमला     |  

UP International Trade Show 2026: ग्रेटर नोएडा में दिखेगी मुरादाबाद के पीतल उद्योग की चमक, 78 स्टॉलों पर कारोबारियों का दम

मुरादाबाद के हस्तशिल्प, पीतल उत्पादों और मेटल आर्टवेयर को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में जिले के 78 कारोबारी हिस्सा लेंगे। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो में नए और स्थापित निर्यातकों के साथ महिला, युवा उद्यमी और ओडीओपी दस्तकार भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।

संयुक्त आयुक्त उद्योग मुरादाबाद योगेश कुमार के अनुसार, 1.10 लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में आयोजित होने वाले इस आयोजन में करीब 1.50 लाख बिजनेस खरीदार और 4.50 लाख से अधिक आम उपभोक्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। प्रदेश सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीति, एमएसएमई नीति और एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत यह आयोजन स्थानीय कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधे जोड़ने का अवसर देगा।

ट्रेड शो में मुरादाबाद के 42 नए निर्यातकों ने हॉल नंबर 14 में अपने स्टॉल बुक कराए हैं। यह हॉल नए निर्यातकों के लिए निर्धारित किया गया है, जहां वे पहली बार विदेशी खरीदारों के सामने अपने उत्पाद पेश करेंगे। इससे शहर के नए कारोबारी वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा बनने और सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। वहीं, हॉल नंबर 15 में मुरादाबाद के 14 स्थापित निर्यातक हिस्सा लेंगे। ये कारोबारी अपने मौजूदा विदेशी अनुबंधों को विस्तार देने और नए बड़े ऑर्डर हासिल करने के अवसर तलाशेंगे।

मुरादाबाद के पारंपरिक पीतल और मेटल क्राफ्ट को बढ़ावा देने के लिए हॉल नंबर 09 में ODOP उत्पादों के 12 स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां दस्तकार अपनी नक्काशी और पारंपरिक कारीगरी का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा, हॉल नंबर 10 में एमएसएमई, महिला और युवा उद्यमियों के लिए 10 स्टॉल बुक किए गए हैं। इन स्टॉलों पर आधुनिक तकनीक, नए उत्पाद और महिला व युवा उद्यमियों के स्टार्टअप्स को प्रदर्शित किया जाएगा।

मुरादाबाद की कुल भागीदारी इस प्रकार होगी:

  • ODOP उत्पाद: 12 स्टॉल

  • MSME, महिला एवं युवा उद्यमी: 10 स्टॉल

  • नए निर्यातक: 42 स्टॉल

  • स्थापित निर्यातक: 14 स्टॉल

  • कुल: 78 स्टॉल

UP International Trade Show 2026 के चौथे संस्करण में रूस, सिंगापुर, वियतनाम और ऑस्ट्रिया साझेदार देशों के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों के हिस्सा लेने की जानकारी दी गई है। ट्रेड शो में हस्तशिल्प के साथ-साथ एक जनपद-एक व्यंजन (ODOP), रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेक्सटाइल और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों के उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, जापान और यूरोपीय देशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों और कॉर्पोरेट रिटेलर्स की भागीदारी से मुरादाबाद के कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ कारोबारी संपर्क बनाने का अवसर मिलेगा।

ट्रेड शो के जरिए मुरादाबाद के कारोबारियों को विदेशी खरीदारों और अंतरराष्ट्रीय रिटेल चेन से सीधे जुड़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है। इससे निर्यात कारोबार का विस्तार हो सकता है और स्थानीय कारखानों व दस्तकारों को नए ऑर्डर मिल सकते हैं। संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार ने बताया कि ट्रेड शो का लाभ अधिक से अधिक कारोबारियों तक पहुंचाने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों, व्यापारिक संगठनों और उद्योग बंधु बैठकों के माध्यम से प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इच्छुक कारोबारी और अन्य लोग आधिकारिक पोर्टल upinternationaltradeshow.com के जरिए इस आयोजन से जुड़ सकते हैं।