Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

यूपी कैबिनेट बैठक आज, होमगार्डों के 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज समेत कई बड़े प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को होने वाली उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी। बैठक में करीब दो दर्जन प्रस्ताव रखे जाएंगे, जिनमें होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज सुविधा देने का प्रस्ताव प्रमुख है। कैबिनेट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को कुछ सरकारी विभागों में सीधी भर्ती देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के अध्यक्ष और सदस्यों की पेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव भी मंजूरी के लिए रखा जाएगा।

बैठक में नई उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति 2026 को भी मंजूरी मिल सकती है। इस नीति के तहत स्टार्टअप शुरू करने वालों को सब्सिडी और कई अन्य सुविधाएं देने की योजना है, ताकि प्रदेश में नए उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिल सके। मदरसा शिक्षा परिषद के अनुदानित अरबी-फारसी मदरसों के शिक्षकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके तहत सेवा अवधि के दौरान शिक्षक की असामयिक मृत्यु होने पर उनके परिवार को ग्रेच्युटी का भुगतान किया जाएगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना की कार्ययोजना को मंजूरी मिलने की संभावना है। साथ ही कानपुर के बिल्हौर में महर्षि महेश योगी इंटरनेशनल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय, गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय और फतेहपुर में ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव भी कैबिनेट में पेश किए जाएंगे।

इन प्रस्तावों पर भी हो सकता है फैसला:

  • सहकारी समितियों और पंचायतों की लेखा परीक्षा सेवा नियमावली में संशोधन।

  • वेतन समिति-2016 की सिफारिशों को मंजूरी।

  • गोरखपुर में 100 बेड के अस्पताल के लिए जमीन उपलब्ध कराना।

  • गोरखपुर और मुरादाबाद नगर निगम के लिए म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने की मंजूरी।

  • वाराणसी रोपवे परियोजना के लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण को जमीन उपलब्ध कराना।

  • स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के संचालन एवं अनुरक्षण नीति को मंजूरी।

  • उत्तर प्रदेश परिवीक्षा अधिकारी राजपत्रित सेवा नियमावली-2026 में संशोधन।

कैबिनेट बैठक के फैसलों पर प्रदेश के प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, स्टार्टअप और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों की नजर रहेगी।