Breaking News

पटना: राज्यपाल से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, सरकार बनाने का पेश करेंगे दावा     |   एनडीए विधानमंडल दल की बैठक खत्म     |   सम्राट चौधरी को एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुना गया     |   थोड़ी देर में शुरू होगी NDA विधायक दल की बैठक     |   बीजेपी विधायक दल के नेता चुने गए सम्राट चौधरी     |  

दिल्ली के अलीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 2 साल की बच्ची की मौत, SUV चालक फरार

दिल्ली के अलीपुर इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा रविवार दोपहर करीब 2 बजे जीटीके रोड पर खामपुर ट्रैफिक सिग्नल के पास हुआ, जो अलीपुर थाना क्षेत्र (आउटर नॉर्थ जिला) में आता है। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक SUV ने पीछे से एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर घूम गई और सड़क के डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे के दौरान कार में सवार दो साल की बच्ची खिड़की से बाहर जा गिरी और उसके सिर में गंभीर चोट आई। उसे तुरंत नरेला के एसआरएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार में सवार रविंदर और आरती भी इस हादसे में घायल हो गए हैं और उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद SUV चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया और एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। इससे पहले 5 अप्रैल को भी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में एक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, आजादपुर इलाके में एक डीटीसी बस ने आकाश नाम के युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया था, जिसकी पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए की जा रही है।