जम्मू-कश्मीर में मौसम सुहाना होने के साथ पर्यटकों की रौनक भी बढ़ गई है। रविवार सुबह श्रीनगर की मशहूर डल झील में पर्यटकों ने शिकारा राइड का आनंद लिया। शांत झील, ठंडी हवाओं और आसपास की जबरवान पहाड़ियों के खूबसूरत नजारों ने पर्यटकों का मन मोह लिया। डल झील में सुबह से ही कई शिकारे नजर आए। पर्यटकों ने शिकारे की सवारी के दौरान झील की खूबसूरती के साथ यहां की पारंपरिक जीवनशैली को भी करीब से महसूस किया।
केरल के कोट्टायम से अकेले कश्मीर घूमने पहुंचे एक पर्यटक ने अपनी यात्रा को यादगार बताया। उन्होंने कहा कि वह दो दिन पहले कश्मीर पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने लेह, कारगिल, एलओसी और हुंडरमैन प्वाइंट का दौरा किया। उन्होंने कश्मीर में मुगल गार्डन, हजरतबल मस्जिद, शालीमार गार्डन और श्री शंकराचार्य मंदिर भी देखा। इसके अलावा वह गुलमर्ग भी घूम चुके हैं। पर्यटक ने कश्मीर की खूबसूरती की तारीफ करते हुए कहा, “कश्मीर बहुत खूबसूरत है, यह जन्नत है। यह जिंदगी भर याद रहने वाला अनुभव है।”
पर्यटक ने कहा कि इस समय कश्मीर का मौसम घूमने के लिए काफी अच्छा है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों को बहुत ज्यादा ठंड पसंद नहीं है, उनके लिए यह समय कश्मीर आने के लिए बेहतर है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौसम थोड़ा गर्म है, जबकि शाम के समय हल्की ठंड महसूस होती है। दिन में मौसम साफ और घूमने के लिए अनुकूल है।
यह पर्यटक कश्मीर की यात्रा को अपने 20वें राज्य की यात्रा बता रहे हैं। इससे पहले वह जम्मू के कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर भी जा चुके हैं। उन्होंने लोगों से कश्मीर आने की अपील करते हुए कहा कि हर किसी को इस जन्नत की खूबसूरती कम से कम एक बार जरूर देखनी चाहिए। डल झील में शिकारा राइड सिर्फ खूबसूरत नजारों का अनुभव नहीं कराती, बल्कि पर्यटकों को झील से जुड़ी पारंपरिक जीवनशैली को करीब से देखने का मौका भी देती है। इस दौरान स्थानीय कारीगर पर्यटकों के पास केसर, फूल और हस्तनिर्मित सामान लेकर पहुंचते हैं। शिकारा राइड, पहाड़ों के नजारे और शांत वातावरण के कारण डल झील श्रीनगर के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में बनी हुई है।