Breaking News

निठारी कांड: सुरेंद्र कोली के शव को पुलिस ने कब्जे में लिया, शुरू की आगे की जांच     |   निठारी कांड में बरी होने के बाद हरिद्वार में रहने लगा था सुरेंद्र कोली, बेचता था चाय     |   निठारी कांड में बरी हुए सुरेंद्र कोली ने की आत्महत्या, हरिद्वार में चाय की दुकान में लगाई फांसी     |   FSSAI की बच्चों के न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स को लेकर नेस्ले इंडिया पर कानूनी कार्रवाई     |   तेजस को मिला उड़ान का फाइनल क्लियरेंस, HAL ने दिया अप्रूवल     |  

दिव्यांगजनों के लिए योगी सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में लगेंगे कल्याण शिविर, 10 अक्टूबर तक पूरा होगा अभियान

उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक पहुंचाने के लिए योगी सरकार व्यापक स्तर पर कल्याण शिविर आयोजित करने जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सहायक उपकरण योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में दिव्यांग कल्याण शिविर लगाए जाएंगे।

सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित होने वाले इन शिविरों को 10 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को सुविधाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत देना और योजनाओं का लाभ उनके नजदीकी क्षेत्र में उपलब्ध कराना है।

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आयोजित शिविरों में पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन और पंजीकरण किया जाएगा। सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए आवेदन लिए जाएंगे और आवश्यक दस्तावेजों व पात्रता का सत्यापन भी किया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

शिविरों में दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत के अनुसार लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास होगा। इसके अलावा आवेदन प्रक्रिया और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

शासनादेश के अनुसार शिविरों के प्रभावी आयोजन के लिए जिला स्तर पर जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक शिविरों की जानकारी पहुंचाने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

योगी सरकार की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों की गतिशीलता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। नजदीकी क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं मिलने से सरकारी योजनाओं तक उनकी पहुंच आसान होने की उम्मीद है। यह अभियान सरकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाने और दिव्यांगजनों के लिए सम्मानजनक व सुगम जीवन की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का हिस्सा है।