Breaking News

जम्मू-कश्मीर की विधानसभा में धक्का-मुक्की     |   एशियन गेम्स में भारत को चौथा मेडल, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका को ब्रॉन्ज     |   केरल: भारी बारिश के चलते छह जिलों में रेड अलर्ट जारी     |   बंगाल रेजीनगर उपचुनाव: हुमायूं कबीर का ऐलान, नहीं करेंगे चुनाव प्रचार     |   केरल: आज पठानमथिट्टा, कोट्टायम, अलपुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में बारिश का येलो अलर्ट     |  

शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की याद में 5 अक्टूबर से शुरू होगा 26वां मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट

शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की स्मृति में आयोजित प्रतिष्ठित कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (ओपन) का आयोजन इस वर्ष 5 अक्टूबर से नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए के क्रिकेट मैदान पर किया जाएगा। मानव सेवा समिति, नोएडा स्पोर्ट्स ट्रस्ट, नोएडा प्रमोटर्स एंड डेवलपर्स वेलफेयर एसोसिएशन (NPDA) और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता को नोएडा प्राधिकरण का सहयोग प्राप्त है।

vFF

यह क्रिकेट प्रतियोगिता पिछले 26 वर्षों से शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। कैप्टन शशिकांत शर्मा ने 5 अक्टूबर 1998 को सियाचिन ग्लेशियर में पाकिस्तान के सैनिकों से मुकाबला करते हुए 23 वर्ष की उम्र में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। हर वर्ष उनके शहीदी दिवस पर इस प्रतियोगिता के माध्यम से उन्हें याद किया जाता है।

8 टीमें लेंगी हिस्सा, 15 मैच होंगे आयोजित

दस दिनों तक चलने वाली इस टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें भाग लेंगी। लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में कुल 15 मैच खेले जाएंगे और प्रत्येक टीम को कम से कम तीन मैच खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली टीमों में एस्टर क्रिकेट अकादमी, पायनियर क्रिकेट क्लब, विश्व फॉल्कन्स, एमएस स्पोर्ट्स, खुर्राट 11, स्किल इंडिया पावर, वंडर्स क्लब नोएडा और स्टार XI क्रिकेट अकादमी शामिल हैं।

विजेता टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार

आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट की विजेता टीम को 50,000 रुपये और उपविजेता टीम को 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 11,000 रुपये, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और गेंदबाज को 5,100-5,100 रुपये तथा सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी को 2,100 रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

विजेता और उपविजेता टीमों के सभी खिलाड़ियों को ट्रॉफी, किट और अन्य पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में अंपायरिंग और स्कोरिंग डीडीसीए पैनल के अंपायर लेखराज और उनके साथी करेंगे।

पूर्व क्रिकेटर और गणमान्य लोग कर चुके हैं शिरकत

पिछले वर्षों में आयोजित टूर्नामेंट के उद्घाटन और समापन समारोहों में प्राधिकरण व शासन के वरिष्ठ अधिकारियों, राजनेताओं और क्रिकेट जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया है। इनमें विश्व कप विजेता टीम के सदस्य मदनलाल, चेतन चौहान, अशोक मल्होत्रा, गुरशरण सिंह, चेतन शर्मा, अजय जडेजा, विजय दहिया, विजय यादव, सबा करीम, प्रवीण कुमार और परविंदर अवाना समेत कई नाम शामिल हैं।

राष्ट्रीय क्रिकेट कोच संजय भारद्वाज, जो गौतम गंभीर के कोच रहे हैं, तथा बीसीसीआई और यूपीसीए के वरिष्ठ पदाधिकारी राजीव शुक्ल भी कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, नवाब सिंह नागर और सत्यवीर गुर्जर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

नोएडा स्टेडियम के द्वार का नाम रखा गया शशिकांत द्वार

मानव सेवा समिति के अनुरोध पर नोएडा के पूर्व चेयरमैन देवदत्त शर्मा ने कई वर्ष पहले टूर्नामेंट के एक उद्घाटन समारोह में शिरकत की थी। इस दौरान उन्होंने नोएडा स्टेडियम के एक द्वार का नाम शशिकांत द्वार और गोल्फ कोर्स के पास स्थित गोल चक्कर का नाम शशिकांत चौक रखकर शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा को सम्मान दिया था।